भिलाई-चरौदा निगम का बड़ा एक्शन : हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में भू-भाटक बकायेदारों को नोटिस, 50 लाख की वसूली बाकी
भिलाई-चरौदा/ लाखों रुपये भू-भाटक डकारकर बैठने वाले बकायेदारों पर अब नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। महापौर निर्मल कोसरे और आयुक्त डी.एस. राजपूत के सख्त निर्देश के बाद निगम की राजस्व टीम ने शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में नोटिस जारी किए। इस इलाके से ही करीब 50 लाख रुपये की वसूली बाकी है।
किरायेदार चला रहे कारोबार, मालिक जिम्मेदारी से बेपरवाह
भौतिक सत्यापन के दौरान निगम को पता चला कि निहारिका परिसर (भिलाई-03) और हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में ज्यादातर दुकानें किरायेदारों द्वारा संचालित हैं। इसी वजह से असली संपत्ति मालिक भू-भाटक की राशि समय पर जमा कराने में रुचि नहीं दिखा रहे। अब निगम ने दोनों ही व्यवसायिक कॉलोनियों के दुकानदारों पर नोटिस की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महापौर का सख्त रुख, आयुक्त की अगुवाई में टीम मैदान में
महापौर निर्मल कोसरे ने स्पष्ट कहा—
“लंबे समय से बकाया दबाए बैठे लोगों पर अब कड़ी कार्रवाई तय है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
इसके बाद आयुक्त डी.एस. राजपूत ने पूरा अमला टैक्स कलेक्शन में उतार दिया। निगम प्रशासन अब नियम तोड़ने वाले बकायेदारों पर सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।
बकाया नहीं भरा तो होगी बड़ी कार्रवाई
निगम ने साफ कर दिया है कि नोटिस दिए जाने के बाद भी अगर बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित संपत्ति पर वसूली अधिनियम के तहत सीलिंग, कुर्की और वसूली की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह की सुविधा या अनुमति जारी करने से भी संबंधित मालिकों को वंचित किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान अफसरों की मौजूदगी
आज की वसूली कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी अरुणिमा दुबे, संपत्ति कर प्रभारी ललित चन्द्राकर, सहायक राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र चंद्राकर और लालाराम साहू मौजूद रहे।



