भिलाई में चाकू-चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में भेजे गए जेल

भिलाई/ दुर्ग जिले में थाना सुपेला पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन धारदार हथियार जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला इस प्रकार है

शनिवार, 20 सितंबर 2025 को सुपेला थाना पुलिस को लगातार तीन स्थानों से जानकारी मिली कि युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं।

  1. फरीद नगर मैदान के पास एक युवक चापड़ लहराते हुए लोगों को धमका रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राज किशोर राम (22 वर्ष), निवासी भिलाई नगर को गिरफ्तार किया।
  2. स्लाटर हाउस आर.के. मैदान के पास भी इसी तरह का मामला सामने आया। यहां आरोपी सी.एच. रामा राव (26 वर्ष), निवासी कोसा नाला सुपेला को चाकू सहित पकड़ा गया।
  3. संजय नगर सुपेला मार्केट क्षेत्र में आरोपी बी. कार्तिक (22 वर्ष), निवासी भिलाई नगर चापड़ लहराकर दहशत फैला रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 01-01 धारदार हथियार जब्त कर अपराध क्रमांक 1126/2025, 1128/2025 और 1129/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस टीम की सक्रियता से हुई गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला विजय यादव के नेतृत्व में सउनि राजेश देवांगन, मोतीलाल खुरसे, राजेया तिवारी, आरक्षक योगेश चन्द्राकर, गंभीर जाट, मिथलेश साहू, धर्मेन्द्र सूर्यवंशी और गौरव पाण्डेय का विशेष योगदान रहा।