बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, मंत्री ने मानी प्रमुख मांगें

रायपुर/ लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। शुक्रवार को NHM कर्मियों और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें कई बिंदुओं पर सहमति बनी। इसके बाद 16 हजार से ज्यादा आंदोलनरत NHM कर्मचारी अब फिर से अपनी सेवाएं देने लौटेंगे।

सरकार-कर्मचारियों के बीच बनी सहमति

बैठक के बाद मंत्री जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि कर्मचारियों की 4 प्रमुख मांगें तत्काल मान ली गई हैं। वहीं, 3 मांगों पर विचार के लिए कमेटी का गठन किया गया है और अन्य 3 मुद्दों को उच्चस्तरीय चर्चा के लिए रखा गया है।

बर्खास्तगी और नोटिस पर राहत

हड़ताल के दौरान जिन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था, उनकी बहाली पर भी सहमति बनी है। वहीं, जिन कर्मियों को एक माह का नोटिस मिला था, अगर वे काम पर वापस आते हैं तो नोटिस भी रद्द कर दिया जाएगा।

हड़ताल खत्म करने की घोषणा

बैठक के सकारात्मक परिणाम के बाद देर शाम NHM कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी। अब प्रदेश भर के स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं पहले की तरह बहाल हो सकेंगी।

ये चार मांगें हुईं पूरी

  1. जुलाई 2023 से 5% वेतन वृद्धि लागू करना
  2. कर्मचारियों को 30 दिन का वैतनिक अवकाश देना
  3. वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता
  4. 5 लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा बीमा

इस तरह से हड़ताल के खत्म होने से न केवल कर्मचारियों को राहत मिली है, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं भी अब पटरी पर लौटने जा रही हैं।