भिलाई-चरौदा निगम में भगवान विश्वकर्मा पूजा : कर्मवीरों का हुआ सम्मान


हवन-पूजन, प्रसाद वितरण, भोजन एवं टिफिन बॉक्स का किया गया वितरण
भिलाई-3/ नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान विश्वकर्मा जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। निगम कार्यालय में भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा स्थापित कर विधिविधान से पूजा और हवन सम्पन्न किया गया। इसके उपरांत प्रसाद वितरण के साथ कर्मवीरों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महापौर व कमिश्नर रहे शामिल
कार्यक्रम में निगम महापौर निर्मल कोसरे और निगम कमिश्नर डी.एस. राजपूत सहित समस्त निगम स्टाफ मौजूद रहा। इस अवसर पर निगम कार्यालय से लगे मंगल भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां फील्ड में मेहनत कर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने वाले निगम कर्मियों का सम्मान किया गया।
कर्मियों को मिला टिफिन बॉक्स
सम्मान समारोह में सफाई-स्वास्थ्य विभाग, पेयजल, विद्युत और वाहन शाखा में कार्यरत कर्मचारियों को टिफिन बॉक्स भेंट किए गए। साथ ही सभी को भोजन कराया गया।
कर्मवीरों की मेहनत से मिली पहचान – कमिश्नर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निगम कमिश्नर डी.एस. राजपूत ने कहा –
“स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निगम कर्मियों की मेहनत का ही परिणाम है कि भिलाई-चरौदा निगम को सफाई के क्षेत्र में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त हुआ है।”
हमेशा कर्मियों के साथ हूं – महापौर
महापौर निर्मल कोसरे ने कर्मवीरों की सराहना करते हुए कहा –
“मुझे पता है कि आप सभी किस परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। चाहे सफाई विभाग हो, पेयजल हो या कोई अन्य शाखा – आप सभी निगमोत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मैं हमेशा आपके साथ हूं और आपके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करता रहूंगा।”
अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर निगम स्वास्थ्य अधिकारी अश्विनी चन्द्राकर ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन लिगेश्वर राव ने किया।
महापौर परिषद सदस्य मोहन साहू, पार्षद साहब वर्मा, पार्षद टेनेन्द्र ठाकरे, पार्षद गुरुचरण सिंह उपस्थित रहे।
वहीं निगम के कार्यपालन अभियंता प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता आलोक पसीने, हेमंत साहू, उप अभियंता मुकेश रात्रे, मुकेश चन्द्राकर, वाहन शाखा से हरीश यादव, अविनाश चन्द्राकर, आयुक्त के स्टेनो चेतन देवांगन, सहायक ग्रेड-3 सुरेश नासरे सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।



