पंचशील नगर में चोरी की बड़ी वारदात : ताला तोड़कर जेवरात और मोटरसाइकिल पार

भिलाई-3/ नगर के पंचशील नगर में किराये के मकान से अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार मोहम्मद साबीर, निवासी बीएमवाई आदर्श नगर चरोदा ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके मौसी का लड़का शेख शाजिद, जो संजीवनी शिंदे के मकान में अपने परिवार सहित किराये पर रहता है, 27 अगस्त को पेण्ड्रा-बिलासपुर घरेलु कार्य से अपने परिवार सहित गया हुआ था।

मकान मालकिन ने देखी टूटी ताला

आज 17 सितंबर को सुबह लगभग 9 बजे मकान मालकिन संजीवनी शिंदे जब मकान की पुताई कराने पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि किराये के मकान का बाहर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर दोनों बेडरूम की आलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। इस पर उन्होंने तुरंत मोहम्मद साबीर को सूचना दी।

घर से गायब सोने-चांदी के जेवर और बाइक

सूचना मिलने पर मोहम्मद साबीर मौके पर पहुंचे और अपने छोटे भाई शेख शाजिद को घटना की जानकारी दी। शेख शाजिद ने बताया कि आलमारी में सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। इसके अलावा घर के हाल में खड़ी पुरानी मोटरसाइकिल होंडा शाइन (क्र. CG10AU5038, कीमत लगभग 20,000 रुपये) भी चोरी हो गई है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल सोने-चांदी के जेवरात की सटीक जानकारी शेख शाजिद के लौटने के बाद मिल सकेगी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।