DSP याकूब मेमन पर दुष्कर्म का आरोप, महिला की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर

रायपुर/ छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और वर्तमान में बलरामपुर जिले में एसडीओपी पदस्थ मोहम्मद याकूब मेमन पर गंभीर आपराधिक आरोप लगे हैं। रायपुर की एक महिला ने उन पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। सरगुजा पुलिस ने केस को शून्य पर दर्ज कर डायरी रायपुर के टिकरापारा थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दी है। मामले की पुष्टि एएसपी पश्चिम दौलतराम पोर्ते ने की है।

किरायेदार महिला ने लगाया शोषण का आरोप

पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2020-21 के दौरान वह अपने पति के साथ याकूब मेमन के घर में किराए से रहती थी। आरोप है कि पति के बाहर रहने पर मेमन ने उसे डराकर और धमकाकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने रायपुर में पुलिस अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन उस समय उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

आईजी सरगुजा से गुहार, फिर दर्ज हुई एफआईआर

रायपुर में न्याय न मिलने पर पीड़िता नया रायपुर स्थित अपने घर से सीधे सरगुजा आईजी के पास पहुंची। यहां उसने लिखित शिकायत दर्ज कराई और आत्महत्या की चेतावनी दी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने और केस रायपुर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। अब टिकरापारा पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज कर आगे की जांच करेगी।

सम्मानित अधिकारी पर उठे सवाल

मोहम्मद याकूब मेमन वर्ष 1998 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। अविभाजित मध्यप्रदेश में रीवा और सतना जिले से उन्होंने करियर की शुरुआत की। छत्तीसगढ़ गठन के बाद उन्हें बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और राजनांदगांव जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनाती मिली। नक्सल उन्मूलन में विशेष योगदान के लिए वर्ष 2016 में उन्हें राष्ट्रपति पदक और 2021 में राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक भी दिया गया था।

आगे की कार्रवाई और पुलिस का पक्ष

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। टिकरापारा थाना पुलिस ने महिला का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आगे तथ्यों और सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।