मोटरसाइकिल लूटकांड का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल छीनकर फरार होने वाले आरोपियों को दबोच लिया है। छीनी गई मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला क्या है

प्रार्थी सुनील यादव पिता भोला यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामनगर (थाना वैशाली नगर) ने थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 अगस्त 2025 को दोपहर 11.55 बजे वह अपनी डेस्टिन प्राइम बाइक (क्रमांक CG-07-CT-2584) से घर लौट रहा था। इसी दौरान रामनगर शुलभ कॉम्प्लेक्स के पास उसे रोककर प्रेम सिंह और मोहम्मद आलम ने गाली-गलौज करते हुए जबरदस्ती उसकी बाइक छीन ली और फरार हो गए।

इस शिकायत पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 309/2025, धारा 304(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी प्रेम सिंह (उम्र 19 वर्ष, निवासी अर्जुन नगर कैम्प-1, दक्षु बाड़ी, थाना वैशाली नगर) को 13 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पूछताछ में प्रेम सिंह ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और बताया कि बाइक उसके साथी मोहम्मद आलम के पास है। जांच में यह भी सामने आया कि मोहम्मद आलम थाना भिलाई नगर (अपराध क्रमांक 476/2025) और चौकी जेवरा सिरसा (अपराध क्रमांक 356/2025) के मामलों में पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।

बरामदगी

पुलिस ने मोहम्मद आलम से प्रार्थी की छीनी गई मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-07-CT-2584) को बरामद कर जब्त कर लिया।

सराहनीय भूमिका

इस पूरे मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।