रायपुर में न्यूड पार्टी का पर्दाफाश, सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

रायपुर/ राजधानी रायपुर में प्रस्तावित स्ट्रेंजर हाउस/पूल पार्टी की गूंज सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही थी। लेकिन पुलिस ने समय रहते बड़ी कार्रवाई करते हुए इस पूरे आयोजन का भंडाफोड़ कर दिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई जांच

13 सितंबर को पुलिस को जानकारी मिली कि इंस्टाग्राम पर APARICHIT CLUB PRESENT RAIPUR’S BIGGEST STRANGERS HOUSE/POOL PARTY नाम से एक पेज बनाकर पार्टी का प्रचार किया जा रहा है। यह पार्टी 21 सितंबर को शाम 4 बजे से देर रात तक वीआईपी रोड स्थित किसी क्लब या फार्म हाउस में आयोजित की जानी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया। मामले में धारा 4 स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम, धारा 67 आईटी एक्ट एवं धारा 79 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस पंजीबद्ध किया गया।

साइबर टीम ने किया तकनीकी विश्लेषण

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर विंग ने वायरल पोस्टर और बताए गए मोबाइल नंबरों की गहन जांच की। तकनीकी विश्लेषण के बाद कई नाम सामने आए, जिनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर सात आरोपियों को पकड़ा।

आरोपियों की पहचान और भूमिकाएँ

  • संतोष जेवानी और अजय महापात्रा – इवेंट आयोजक
  • संतोष गुप्ता – भाठागांव स्थित एसएस फार्म हाउस का मालिक, जिसने जगह उपलब्ध कराई
  • अवनीश गंगवानी – “What is Raipur” नाम से सोशल मीडिया पर प्रचार करता था
  • जेम्स बेक – हाईपर क्लब का मालिक, जिसने प्रमोशन में भूमिका निभाई
  • दीपक सिंह और देवेंद्र कुमार यादव – क्लब से जुड़े प्रमोटर, इवेंट को बढ़ावा देने में शामिल

बैंक खातों की जांच जारी

पुलिस ने खुलासा किया कि इस पार्टी के लिए एंट्री पास की रकम कई युवाओं से ऑनलाइन वसूली गई थी। बैंक ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि पूरी रकम और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस का मानना है कि इस आयोजन के बहाने अश्लील और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा था।

पुलिस का सख्त संदेश

अधिकारियों ने साफ कहा है कि राजधानी में इस तरह की अवैध पार्टियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई उन सभी आयोजकों के लिए चेतावनी है जो युवाओं को भटकाने का प्रयास करते हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा, वहीं पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है।