पाली हत्याकांड-आगजनी प्रकरण : 6 आरोपी जेल में, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी अब भी फरार

कटघोरा/ पाली थाना क्षेत्र के कोल माइंस इलाके में मार्च 2025 में हुए हत्याकांड और आगजनी मामले में अदालत ने बड़ा कदम उठाया है। अदालत ने 6 आरोपियों को सीधे जेल भेज दिया, जबकि मुख्य आरोपी और भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

6 आरोपी आत्मसमर्पण कर भेजे गए जेल

सभी आरोपियों ने पहले निचली अदालत में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। बढ़ते दबाव के बीच सोमवार को 6 आरोपी अदालत में पेश हुए। अदालत ने सभी का जेल वारंट जारी कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेजने का आदेश दिया।

विवाद से हत्या तक

28 मार्च 2025 की मध्यरात्रि को एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सराईपाली उपक्षेत्र कोयला खदान में कोयला लोडिंग को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की हत्या कर दी गई।

इसके बाद माहौल बिगड़ गया और पीड़िता संध्या ठाकुर की शिकायत पर भाजपा नेता संजय भावनानी समेत कई आरोपियों पर हत्या, आगजनी और तोड़फोड़ का केस दर्ज किया गया।

संजय भावनानी पर आरोप

भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी पर आरोप है कि हत्या के बाद उन्होंने थाने में तैनात पुलिस बल से गाली-गलौज की और पूरे गांव में आगजनी की धमकी दी।

उनके इशारे पर 5 घरों में तोड़फोड़ व आगजनी की गई। महिलाओं और बुजुर्गों से मारपीट व अभद्रता भी की गई। हालात इतने बिगड़ गए कि जिला पुलिस कप्तान को खुद मौके पर पहुंचना पड़ा।

गवाहों को प्रभावित करने की आशंका

पीड़िता संध्या सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि अब तक गवाहों को डराने-धमकाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि भाजपा नेता संजय भावनानी अपने पद और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर आगे भी गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।

उन्होंने मांग की है कि मुख्य आरोपी संजय भावनानी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।