सिरसागेट भिलाई में लापरवाह ट्रक चालक से बड़ा हादसा टला, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त


भिलाई-3/ सोमवार शाम लगभग 6:15 बजे सिरसागेट रेड सिग्नल के पास एक सड़क हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया। रायपुर निवासी अश्विनी शर्मा (सी-1/3, सेक्टर-04, उदया सोसायटी, टाटीबंध), जो परिवहन व्यवसाय से जुड़े हैं, अपनी बेटी आयुषी शर्मा के साथ कार (क्रमांक CG 04 MP 3229) से दुर्ग पदुमनगर स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे।
घटना के समय सिरसागेट रेड सिग्नल पर ट्रैफिक रुकने पर उन्होंने अपनी कार खड़ी की थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए एक ट्रक (क्रमांक CG 07 CA 1789) ने कार को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे वाहन का आगे और पीछे दोनों हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सौभाग्य से हादसे में अश्विनी शर्मा और उनकी बेटी आयुषी को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह घटना घटी।
पीड़ित ने मामले की लिखित रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है और दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





