अंबिकापुर/ आपने हमेशा पानी को ढलान की ओर बहते देखा होगा, लेकिन सरगुजा के मैनपाट में एक ऐसी जगह है जहां पानी नीचे से ऊपर की ओर बहता है। इतना ही नहीं यहां न्यूट्रल में खड़ी गाड़ियां भी ढलान की ओर ना जाकर ऊंचाई की ओर जाती है। इस स्थल को उल्टापानी के नाम से जाना जाता है। प्रकृति के नियमों को चुनौती देती उल्टापानी को देखकर केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उत्साहित नजर आए।
भाजपा के सांसद और विधायकों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जब इस अद्भुत स्थल की जानकारी मिली तो वे खुद यहां पहुंच गए। कागज की नाव बनाकर उस दावे की सच्चाई को जानने का प्रयास किया, जिसमें पानी नीचे से ऊपर की ओर बहता है। केंद्रीय मंत्री ने कागज के नाव को पानी की धार में रखा। यह नाव तेजी से पानी के बहाव के साथ ऊपर की ओर बहने लगी। राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने भी कागज की नाव बनाकर बहाया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, पुलिस अधीक्षक सरगुजा की वाहन में सवार हुए। ढलान में न्यूट्रल में खड़ी वाहन के चालक ने जैसे ही ब्रेक छोड़ा, वाहन भी ऊंचाई की ओर चलने लगा। कुदरत के करिश्मे को देखकर खुश होकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उल्टापानी में चाय-भजिया के व्यवसाय में जुटी स्वयं सहायता समूह की महिला से भी चर्चा की। उनके काम को सराहा तथा शासकीय योजनाओं से जोड़कर समूह के काम को और आगे बढ़ाने निर्देशित किया।