भिलाई-3। भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत पदुमनगर वार्ड की चौपाटी में आयोजित आनंद मेला एवं सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा दी गई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से कला, संस्कृति और रचनात्मकता का परिचय दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जिसमें वार्डवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही सामाजिक एकता, आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने इस सुंदर एवं सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजक समिति और पदुमनगर वार्ड के निवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





