ओशो- सुकरात मर रहा था। ठीक मरते वक्त, जब उसके लिए बाहर जहर घोला जा रहा है। वह जहर घोलने वाला जो है वह धीरे-धीरे घोल रहा है। वह यह सोचता है कि जितनी देर सुकरात और जिंदा रह ले तो अच्छा, जितनी देर लग जाए। वक्त हो गया है, जहर आना चाहिए। सुकरात उठ-उठ कर बाहर जाता है और उससे पूछता है, मित्र, कितनी देर और है?
उस आदमी ने कहा, तुम पागल हो गए हो सुकरात? मैं देर लगा रहा हूं इसलिए कि थोड़ी देर तुम और जिंदा रह लो, थोड़ी देर सांस तुम्हारे भीतर और जाए, थोड़ी देर सूरज की रोशनी और देख लो, थोड़ी देर खिलते फूलों को, आकाश को, मित्रों की आंखों में झांक लो, बस थोड़ी देर और। नदी भी समुद्र में गिरने के पहले पीछे लौट कर देख लेती है। तुम थोड़ी देर लौट कर देख लो। मैं थोड़ी देर लगाता हूं। तुम जल्दी क्यों कर रहे हो? तुम इतने दीवाने क्यों हुए जा रहे हो?
सुकरात ने कहा कि मैं जल्दी क्यों कर रहा हूं! मेरे प्राण तड़पे जा रहे हैं मौत को जानने को। नई चीज को जानने की मेरी हमेशा से इच्छा रही है। मौत बड़ी नई चीज है; सोचता हूं, देखूं क्या है!
यह आदमी जवान है, यह आदमी बूढ़ा नहीं है। यह मौत को भी देखने के लिए इसकी आतुरता–नये को!
मित्र कहने लगे कि थोड़ी देर और जी लो।
सुकरात ने कहा, जब तक मैं जिंदा हूं जिंदा हूं। मैं यह देखना चाहता हूं कि जहर पीने पर मरता हूं कि जिंदा ही रहता हूं!
लोगों ने कहा, अगर मर गए?
तो उसने कहा, जब मर ही गए तो फिक्र ही खत्म हो गई। क्योंकि हम हैं ही नहीं, चिंता का कोई कारण न रहा। और जब तक जिंदा हैं, तब तक जिंदा हैं। जब मर गए तो मर ही गए, चिंता की कोई बात नहीं है, खत्म हो गई बात। लेकिन जब तक मैं जिंदा हूं, जिंदा हूं! तब तक मैं मरा हुआ नहीं हूं! और तब मैं पहले से क्यों मर जाऊं?
मित्र सब मरे हुए बैठे हैं पास, रो रहे हैं, जहर की घबराहट पकड़ रही है। वह सुकरात प्रसन्न है! वह कहता है, जब तक मैं जिंदा हूं, तब तक मैं जिंदा हूं, तब तक जिंदगी को जानूं। और मैं सोचता हूं कि शायद मौत भी जिंदगी में एक घटना होगी तो उसको भी जानूं।
सुकरात को बूढ़ा नहीं किया जा सकता। मौत सामने खड़ी हो जाए तो भी वह बूढ़ा नहीं होता।
और हम? जिंदगी सामने खड़ी रहती है और बूढ़े हो जाते हैं। यह रुख भारत में युवा मस्तिष्क को पैदा नहीं होने देता है। जीवन का दुखद, जीवन का विषादपूर्ण चित्र फाड़ कर फेंक दो! आग लगा दो उसमें! और जो भी जिंदगी के दुख और जिंदगी के विषाद को बढ़ा-चढ़ा कर बतलाते हैं, जिंदगी के दुश्मन हैं, देश में युवा को पैदा होने देने में दुश्मन हैं। वे युवक को पैदा होने के पहले बूढ़ा बना देते हैं।
अभी मैं कुछ दिन पहले भावनगर था। एक छोटी सी लड़की ने, तेरह-चौदह साल की उम्र उसकी, उसने मुझे आकर कहा कि मुझे आवागमन से छुटकारे का रास्ता बताइए!
तेरह-चौदह साल की लड़की कहती है कि मैं आवागमन से कैसे छूटूं! फिर इस मुल्क में कैसे जवानी पैदा होगी? तेरह-चौदह साल की लड़की बूढ़ी हो गई! वह कहती है कि मैं मुक्त कैसे होऊं? जीवन से छूटने का विचार करने लगी है! अभी जीवन के द्वार पर उसने थपकी भी नहीं दी, अभी जीवन की खिड़की भी नहीं खुली, अभी जीवन की वीणा भी नहीं बजी, अभी जीवन के फूल भी नहीं खिले। वह द्वार के बाहर ही पूछने लगी–छुटकारा, मुक्ति, मोक्ष कैसे मिलेगा?
जहर डाल दिया होगा किसी ने उसके दिमाग में। मां-बाप ने, गुरुओं ने, शिक्षकों ने उसको पायज़नस किया। उसकी जवानी पैदा नहीं होगी अब। अब वह बूढ़ी ही जीएगी। उसका विवाह भी होगा तो वह एक बूढ़ी औरत का विवाह है, एक जवान लड़की का नहीं। उसके घर के द्वार पर शहनाइयां बजेंगी तो एक बूढ़ी औरत सुनेगी उन शहनाइयों को, एक जवान लड़की नहीं। उन शहनाइयों से भी मौत की आवाज सुनाई पड़ेगी, जीवन का संगीत नहीं। वह बूढ़ी हो गई!
पहली बात, अगर बूढ़े होना है तो मौत पर ध्यान रखना, जीवन पर नहीं। और अगर जवान होना है तो मौत को लात मार देना। वह जब आएगी, तब मुकाबला कर लेंगे उससे। जब तक जीते हैं, तब तक पूरी तरह से जीएंगे, उसकी टोटैलिटी में जीवन के रस को खोजेंगे, जीवन के आनंद को खोजेंगे।
रवींद्रनाथ मर रहे थे। एक मित्र, बूढ़े मित्र आए और उन्होंने कहा कि अब मरते वक्त तो भगवान से प्रार्थना कर लो कि अब दुबारा जीवन में न भेजे। अब आखिरी वक्त प्रार्थना कर लो कि अब आवागमन से छुटकारा हो जाए। अब इस पाप, इस गंदगी में चक्कर में न आना पड़े।
रवींद्रनाथ ने कहा, क्या कहते हैं आप? मैं और यह प्रार्थना करूं? मैं तो मन ही मन यह कह रहा हूं कि हे प्रभु, अगर तूने मुझे योग्य पाया हो, तो बार-बार तेरी पृथ्वी पर भेज देना। बड़ी रंगीन थी, बड़ी सुंदर थी! ऐसे फूल मैंने देखे, ऐसे चांद, ऐसे तारे, ऐसी आंखें, ऐसे सुंदर चेहरे–कि मैं दंग रह गया हूं, मैं हैरान हो गया हूं, मैं आनंद से भर गया हूं। अगर तूने मुझे योग्य पाया हो, तो हे परमात्मा, बार-बार इस दुनिया में मुझे भेज देना। मैं तो यह प्रार्थना कर रहा हूं! मैं तो डरा हुआ हूं कि कहीं मैं अपात्र न सिद्ध हो जाऊं कि मुझे दोबारा न भेजा जाए।
रवींद्रनाथ को बूढ़ा बनाना बहुत मुश्किल है। शरीर बूढ़ा हो जाएगा, लेकिन इस आदमी के भीतर जो आत्मा है वह जवान है, वह जीवन की मांग कर रही है।
रवींद्रनाथ ने मरने के कुछ ही घड़ी पहले कुछ कड़ियां लिखवाईं। उनमें दो कड़ियां हैं। देखा तो मैं नाचने लगा! क्या प्यारी बात कही है!
किसी मित्र ने रवींद्रनाथ को कहा कि तुम तो महाकवि हो, तुमने छह हजार गीत लिखे जो संगीत में बांधे जा सकते हैं! शेली को लोग पश्चिम में कहते हैं महाकवि, उसके तो सिर्फ दो हजार गीत संगीत में बंध सकते हैं। तुम्हारे तो छह हजार गीत! तुमसे बड़ा कोई कवि दुनिया में कभी नहीं हुआ।
रवींद्रनाथ की आंखों से आंसू बहने लगे। और रवींद्रनाथ ने कहा, क्या कहते हो? मैं तो भगवान से कह रहा हूं कि अभी मैंने गीत गाया कहां था, अभी तो साज बिठा पाया था और विदा का क्षण आ गया! अभी तो ठोंक-पीट कर तंबूरा ठीक किया था सिर्फ, अभी मैंने गीत गाया कहां था! अभी तो तंबूरे की तैयारी की थी। अब ठोंक-पीट कर तैयार हो गया था, साज बैठ गया था, अब मैं गाने की चेष्टा करता, और यह तो विदा का क्षण आ गया! और मेरे तंबूरे के ठोंकने-पीटने को लोगों ने समझ लिया कि यह महाकवि हो गया है। भगवान से कह रहा हूं कि संगीत का साज तैयार हो गया और मुझे विदा कर रहे हो? अब तो मौका आया था कि मैं गीत गाऊं।
मरता हुआ रवींद्रनाथ कहता है कि अभी तो मौका आया था कि मैं गीत गाऊं। वह यह कह रहा है कि अभी तो मौका आया था कि मैं जवान हुआ था। वह यह कह रहा है कि अब तो मौका आया था कि वीणा तैयार हो गई थी और मुझे विदा कर रहे हो! बूढ़ा आदमी यह कह सकता है? तो फिर वह आदमी बूढ़ा नहीं है।
ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3
संभोग से समाधि की ओर-(प्रवचन-11)





