कोंडागांव में मंत्री केदार कश्यप के काफिले को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, 6 घायल

मंत्री की कार बाल-बाल बची, फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त; घायलों में पुलिस जवान, चालक और मंत्री के पीए शामिल

राकेश कुमार की रिपोर्ट

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप का काफिला रविवार, 23 अगस्त को कोंडागांव जिले में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। नेशनल हाईवे-30 पर जुनवानी (घोड़ागांव) के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मंत्री के काफिले में जा घुसी। हादसे में मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए, जबकि काफिले के फॉलो वाहन में सवार पुलिस जवानों, वाहन चालक और मंत्री के निजी सहायक (पीए) सहित कई लोग घायल हो गए।जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की दिशा में जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और मंत्री के काफिले से जा टकराई।

पहले मंत्री की कार को मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सबसे पहले मंत्री केदार कश्यप की कार को साइड से टक्कर मारी। टक्कर से मंत्री की कार का साइड मिरर टूट गया और वाहन के हिस्से में डेंट आया। गनीमत रही कि मंत्री को कोई चोट नहीं आई।इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे चल रहे काफिले के फॉलो वाहन से आमने-सामने जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस जवान समेत कई घायल

हादसे के समय फॉलो वाहन में चार पुलिस जवान सवार थे, जिनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। इसके अलावा वाहन चालक और मंत्री के पीए के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, स्कॉर्पियो चालक के भी घायल होने की बात बताई जा रही है।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंत्री केदार कश्यप ने तत्काल स्थिति संभाली और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कोंडागांव पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ पुलिस जवानों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना की मुख्य वजह स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार और उसके अनियंत्रित होने को माना जा रहा है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति और चालक की स्थिति सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में मंत्री के सुरक्षित बचने से बड़ी अनहोनी टल गई।