आईटीआई बॉयज़ हॉस्टल के पास चल रहा था गांजे का कारोबार, खुर्सीपार पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा; ढाई किलो से अधिक गांजा जब्त

 आईटीआई बॉयज़ हॉस्टल के पास चल रहा था गांजे का कारोबार, खुर्सीपार पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा; ढाई किलो से अधिक गांजा जब्त

भिलाई। दुर्ग जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आईटीआई बॉयज़ हॉस्टल के पास दशहरा मंच के सामने गांजा बेच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 514 ग्राम गांजा, ₹1,200 नकद बिक्री रकम जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1.51 लाख बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि आईटीआई बॉयज़ हॉस्टल के पास 3-4 युवक अवैध रूप से गांजे की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना खुर्सीपार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों को मौके पर ही पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शेख शब्बीर उर्फ कल्लु (21 वर्ष), उदय देवार (22 वर्ष), विकास वर्मा उर्फ चेतन (23 वर्ष) तथा रोहित कंवर (19 वर्ष) निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार, भिलाई के रूप में बताई।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 2 किलो 514 ग्राम गांजा तथा ₹1,200 नकद बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। चारों आरोपियों को 26 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रहे थे गांजा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान के आसपास ग्राहकों की तलाश कर गांजे की छोटी-छोटी मात्रा में बिक्री कर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया।

जब्त सामग्री

  • 2 किलो 514 ग्राम मादक पदार्थ गांजा
  • ₹1,200 नगद बिक्री रकम
  • कुल अनुमानित कीमत : ₹1,51,200

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना खुर्सीपार पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सूचना संकलन, प्रभावी घेराबंदी और समन्वित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।