सावधान! बिलासपुर में सक्रिय ठग बाबाओं का गैंग, चमत्कार दिखाकर मेडिकल संचालक से सोने की अंगूठी और नकदी ठगी

 सावधान! बिलासपुर में सक्रिय ठग बाबाओं का गैंग, चमत्कार दिखाकर मेडिकल संचालक से सोने की अंगूठी और नकदी ठगी

बिलासपुर: न्यायधानी बिलासपुर में इन दिनों साधु-संत के वेश में घूम रहे ठगों का गिरोह लोगों को अपना निशाना बना रहा है। ताजा मामला चकरभाठा इलाके से सामने आया है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक को तथाकथित “चमत्कार” दिखाकर शातिर ठग ने हजारों रुपये और सोने की अंगूठी हड़प ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस अब पूरे गिरोह की तलाश में जुट गई है।

पत्थर को रुद्राक्ष में बदलने का झांसा देकर ठग ने व्यापारी को अपने जाल में फंसाया।

भिक्षा मांगने पहुंचा, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल

जानकारी के मुताबिक चकरभाठा वार्ड क्रमांक 14 निवासी 52 वर्षीय राजेश पंजवानी मेन रोड स्थित “सुनीता मेडिकल” का संचालन करते हैं। शुक्रवार सुबह वे अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी साधु के वेश में एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा। शुरुआत में उसने भिक्षा मांगी और पूजा-पाठ का हवाला देकर बड़ी रकम की मांग करने लगा।

दुकानदार ने पहले उसे सिक्का और फिर 20 रुपये देने की कोशिश की, लेकिन कथित बाबा ने लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने चाय-बिस्किट की मांग की। मेडिकल संचालक ने इंसानियत दिखाते हुए उसे चाय-नाश्ता कराया, जिसके बाद ठग ने अपना असली खेल शुरू किया।

पत्थर बना रुद्राक्ष, व्यापारी हो गया प्रभावित

कथित बाबा ने अपनी जेब से एक छोटा पत्थर निकालकर उसे कागज में बांधने को कहा। उसने दावा किया कि इस प्रक्रिया से घर और व्यापार की सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी। कुछ देर बाद जब कागज खोला गया तो पत्थर की जगह दो रुद्राक्ष दिखाई दिए। इस तथाकथित चमत्कार को देखकर मेडिकल संचालक पूरी तरह उसके प्रभाव में आ गया।

इसके बाद आरोपी ने दुकान में बने मंदिर में पूजा-पाठ का ढोंग रचा और विश्वास जीतने के बाद 500-500 रुपये के नोट और हाथ में पहनी करीब 10 ग्राम सोने की अंगूठी उतरवा ली। शातिर ठग ने अंगूठी को नोटों के बीच रखकर मुंह में डालने का नाटक किया और एक पुड़िया बनाकर व्यापारी को थमा दी।

“दो घंटे बाद पुड़िया खोलना, सारी परेशानी खत्म हो जाएगी” — यही कहकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुड़िया खुली तो उड़ गए होश

पीड़ित ने आरोपी के कहने पर करीब दो घंटे बाद पुड़िया खोली। अंदर सोने की अंगूठी और रकम की जगह केवल दो रुद्राक्ष और छोटे नोट रखे थे। तब जाकर उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। घटना के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

हरे रंग की बोलेरो में पहुंचे थे अन्य संदिग्ध बाबा

पीड़ित के मुताबिक घटना के कुछ समय बाद हरे रंग की बोलेरो वाहन में चार अन्य बाबा भी दुकान पहुंचे थे। उन्होंने भी चाय-पानी किया और दक्षिणा लेकर वहां से रवाना हो गए। आशंका जताई जा रही है कि मुख्य आरोपी इन्हीं लोगों के गिरोह का सदस्य है और सभी मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

चकरभाठा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साधु के वेश में घूम रहे संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं व्यापारियों और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी अजनबी के झांसे में न आएं और चमत्कार या तंत्र-मंत्र के नाम पर पैसे या कीमती सामान किसी को न दें।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के गिरोह पहले भरोसा जीतते हैं, फिर धार्मिक आस्था और चमत्कार का सहारा लेकर लोगों को ठगते हैं। खासकर दुकानदारों और बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। इसलिए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।