ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज के व्यावसायिक भूखंडों के लिए निवेशकों में दिखा भारी उत्साह, निगम को करोड़ों के राजस्व की उम्मीद
भिलाई-चरौदा में जमीनों की नीलामी ने बनाया रिकॉर्ड, सरकारी कीमत से तीन गुना तक लगी बोली
भिलाई-03। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित व्यावसायिक परिसर के रिक्त भूखंडों की आम नीलामी में निवेशकों और व्यापारियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। निगम प्रशासन द्वारा निर्धारित सरकारी दर की तुलना में कई गुना अधिक बोली लगने से न केवल निगम को बड़ा आर्थिक लाभ हुआ है, बल्कि यह भी साफ हो गया है कि भिलाई-चरौदा का यह क्षेत्र तेजी से बड़े व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
निगम द्वारा 11 मई 2026 को आयोजित पहले चरण की नीलामी में कुल 15 व्यावसायिक भूखंडों के लिए बोली प्रक्रिया संपन्न कराई गई थी। इन भूखंडों के लिए निगम ने 12 लाख 71 हजार 300 रुपये की ऑफसेट प्राइस तय की थी, लेकिन बोली प्रक्रिया शुरू होते ही निवेशकों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ गई। नीलामी में शामिल 30 हितग्राहियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भूखंडों के लिए न्यूनतम 25 लाख रुपये से लेकर अधिकतम 38 लाख 50 हजार रुपये तक की बोली लगाई। यह राशि निर्धारित सरकारी मूल्य से लगभग दोगुनी रही।
इसके बाद बुधवार 13 मई 2026 को आयोजित दूसरे चरण की नीलामी में 9 भूखंडों के लिए बोली लगाई गई। इन भूखंडों की सरकारी बोली राशि 3 लाख 81 हजार 390 रुपये निर्धारित थी, लेकिन वास्तविक बोली न्यूनतम 10 लाख 50 हजार रुपये से शुरू होकर अधिकतम 19 लाख रुपये तक पहुंच गई। इस तरह कई भूखंडों के लिए सरकारी दर से करीब तीन गुना अधिक कीमत प्राप्त हुई।
महापौर निर्मल कोसरे ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
महापौर निर्मल कोसरे ने नीलामी प्रक्रिया की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भिलाई-चरौदा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं और ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज भविष्य में बड़े व्यवसायिक हब के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार नीलामी कराई जा रही है, जिससे निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। महापौर ने कहा कि नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग शहर की सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।
आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत बोले- बढ़ता निवेश शहर के विकास का संकेत
नगर निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने कहा कि निगम प्रशासन द्वारा नीलामी प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भूखंडों के लिए लगातार बढ़ रही मांग यह साबित करती है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र व्यापार और निवेश के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बनता जा रहा है। आयुक्त ने कहा कि निगम भविष्य में यहां और बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करेगा ताकि व्यापारियों और निवेशकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शेष बचे भूखंडों की आम नीलामी अब 14 मई एवं 15 मई 2026 को निगम सभागार कक्ष में दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। निगम ने इच्छुक निवेशकों और व्यापारियों से समय पर उपस्थित होकर नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
मुख्य बातें :
▪️ 15 भूखंडों की पहली नीलामी में 38.50 लाख रुपये तक बोली
▪️ दूसरी नीलामी में सरकारी दर से तीन गुना तक कीमत मिली
▪️ 14 और 15 मई को फिर होगी नीलामी प्रक्रिया

