रायपुर ज्वेलरी चोरी केस में बड़ा मोड़: 80 लाख की चोरी के फरार नाबालिग ने घर में लगाई फांसी
राजधानी रायपुर के चर्चित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप चोरी मामले में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी मामले में फरार चल रहे नाबालिग आरोपी ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। चोरी की वारदात के बाद से नाबालिग आरोपी फरार था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
छज्जे के रास्ते घर में पहुंचा आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच और खम्हारडीह थाना पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। निगरानी के चलते पुलिस ने उसके घर पर ताला भी लगा रखा था। बताया जा रहा है कि देर रात आरोपी घर के पीछे बने छज्जे के रास्ते अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां नाबालिग का शव फंदे से लटका मिला।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, क्राइम ब्रांच, खम्हारडीह थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
ज्वेलरी शॉप से हुई थी बड़ी चोरी
कुछ दिन पहले खम्हारडीह इलाके स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। चोर दुकान से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने पहले ही कुछ आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया था, जबकि दूसरा नाबालिग आरोपी लगातार फरार बताया जा रहा था। पुलिस को आशंका थी कि चोरी के कुछ जेवर आरोपी के पास मौजूद हो सकते हैं। इसी बीच उसकी मौत की घटना सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

