कुम्हारी में अवैध प्लाटिंग का बड़ा खेल! कृषि भूमि पर काटे जा रहे प्लॉट, नियमों को ‘मैनेज’ कर बेची जा रही जमीन

 कुम्हारी में अवैध प्लाटिंग का बड़ा खेल! कृषि भूमि पर काटे जा रहे प्लॉट, नियमों को ‘मैनेज’ कर बेची जा रही जमीन

जंजगीरी वार्ड में खसरा नंबर 291/25 पर धड़ल्ले से प्लाटिंग, नाले की जमीन भी कब्जे में 

कुम्हारी | विशेष रिपोर्ट

कुम्हारी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत जंजगीरी वार्ड में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग का खेल खुलेआम जारी है। आरोप है कि कृषि भूमि पर नियमों को ताक में रखकर प्लॉट काटे जा रहे हैं और प्रशासनिक कार्रवाई के अभाव में जमीन कारोबारियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक खसरा नंबर 291/25 जो कि जय प्रकाश गोयल के नाम से है, राजस्व रिकॉर्ड में कृषि भूमि के रूप में दर्ज है, वहां अवैध तरीके से प्लाटिंग कर जमीन बेची जा रही है। शासन के नियमानुसार 2200 स्क्वायर फीट से कम भूमि की रजिस्ट्री नहीं की जा सकती, लेकिन प्लाटिंग कारोबारियों ने इसका भी रास्ता निकाल लिया है।

आरोप है कि कम जमीन खरीदने वाले ग्राहकों की रजिस्ट्री दो अलग-अलग लोगों के नाम से कराई जाती है, बाद में डायवर्सन और बटांकन के जरिए जमीन को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दिया जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे खेल में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर बिना प्रशासनिक जानकारी के इतनी बड़ी प्लाटिंग कैसे संभव हो रही है? क्या संबंधित विभागों को इसकी भनक नहीं है या फिर मामला किसी मिलीभगत की ओर इशारा कर रहा है?

इतना ही नहीं, जिस जमीन पर प्लाटिंग की जा रही है वहां से एक नाला भी गुजरता है। आरोप है कि उस नाले की जमीन पर भी कब्जा कर प्लॉटिंग को सुविधाजनक बनाने की कोशिश की गई है। इससे भविष्य में जल निकासी और पर्यावरणीय समस्याएं भी खड़ी हो सकती हैं।

अब लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि शासन द्वारा बनाए गए नियम आखिर आम नागरिकों और किसानों के लिए हैं या फिर जमीन कारोबारियों और उनसे जुड़े अधिकारियों को फायदा पहुंचाने के लिए?

क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर पालिका और संबंधित विभाग का प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर अवैध प्लाटिंग का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।