सनशाइन मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और तथ्यहीन : डॉ. संध्या चक्रवर्ती
भिलाई-3। पदुमनगर जीई रोड स्थित सनशाइन मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. संध्या चक्रवर्ती ने अस्पताल के खिलाफ लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और अस्पताल की छवि खराब करने की कोशिश बताया है। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल पिछले कई वर्षों से नियमों के तहत मरीजों की सेवा कर रहा है और स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर इसकी निगरानी भी की जाती है।
शिकायतकर्ता पर लगाया गलत जानकारी फैलाने का आरोप
डॉ. चक्रवर्ती ने बताया कि पूरन साहू नामक व्यक्ति अस्पताल पहुंचा था और खुद को छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए अस्पताल के खिलाफ शिकायत मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने कलेक्टर से शिकायत करने की बात कहते हुए अस्पताल पर क्षमता से अधिक मरीज भर्ती करने का आरोप लगाया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में भर्ती और डिस्चार्ज होने वाले प्रत्येक मरीज का रिकॉर्ड नियमित रूप से स्वास्थ्य विभाग और सीएमओ कार्यालय को भेजा जाता है। अस्पताल की मासिक ऑडिटिंग होती है तथा विभागीय टीम समय-समय पर निरीक्षण भी करती है।
“सीसीटीवी और रिकॉर्ड से हो सकती है जांच”
उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और किसी भी दिन की वास्तविक स्थिति आसानी से जांची जा सकती है। अस्पताल में प्रतिदिन सीमित संख्या में ही मरीज भर्ती किए जाते हैं और किसी भी मरीज को फर्श पर लिटाने जैसी स्थिति कभी निर्मित नहीं हुई।
डॉ. चक्रवर्ती ने कहा कि अस्पताल पूरी क्षमता और स्वास्थ्य मानकों के अनुसार संचालित किया जा रहा है तथा गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाता।
आयुष्मान योजना को लेकर भी दिया जवाब
अस्पताल प्रबंधन ने आयुष्मान कार्ड धारकों से अतिरिक्त राशि वसूलने के आरोपों को भी खारिज किया। डॉ. चक्रवर्ती के अनुसार आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार द्वारा निर्धारित पैकेज के अनुसार ही इलाज किया जाता है और पूरा सिस्टम ऑनलाइन मॉनिटरिंग से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जिन बीमारियों का पैकेज सूची में प्रावधान नहीं होता, उन मामलों में प्रक्रिया अलग रहती है, लेकिन किसी भी मरीज के साथ अनियमितता नहीं की जाती।
सफाई और स्टाफ व्यवस्था पर भी दी सफाई
डॉ. चक्रवर्ती ने अस्पताल में गंदगी, स्टाफ की कमी और डॉक्टरों की अनुपलब्धता जैसे आरोपों को भी असत्य बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में तीनों शिफ्ट में सफाई व्यवस्था संचालित होती है तथा बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण नियमानुसार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध है और मरीजों की सुविधा के लिए डॉक्टरों की नियमित ड्यूटी लगाई जाती है।
“आलोचना नहीं, संवाद होना चाहिए”
डॉ. संध्या चक्रवर्ती ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अस्पताल की सेवाओं को लेकर कोई समस्या या शिकायत है, तो सीधे अस्पताल प्रबंधन से चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अफवाह और झूठी शिकायतों से केवल मरीजों के मन में भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन हमेशा पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ कार्य करता रहेगा तथा मरीजों का विश्वास बनाए रखना ही उनकी प्राथमिकता है।



