भिलाई में बच्चों के लिए निशुल्क कराटे प्रशिक्षण: इंद्रजीत सिंह छोटू की पहल से 450 से अधिक बच्चे लाभान्वित

कोहका स्थित “बीरा जी के अंगना” में रोजाना लग रही आत्मरक्षा की पाठशाला

भिलाई। शहर के कोहका स्थित “बीरा जी के अंगना” में बच्चों और युवाओं के लिए निशुल्क कराटे प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक संचालित हो रहा है, जिसमें 3 वर्ष से लेकर 25 वर्ष तक के बच्चे और युवा उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।इस प्रशिक्षण में न केवल कराटे के तकनीकी गुर सिखाए जा रहे हैं, बल्कि आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं के साथ-साथ बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी भी दी जा रही है। प्रशिक्षक अंजना राजवीर सिंह द्वारा बच्चों को लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा जागरूकता विकसित हो रही है।इस पहल की खास बात यह है कि कई बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहते हैं, जिससे परिवार स्तर पर जागरूकता और सहभागिता बढ़ रही है। वर्तमान में लगभग 450 बच्चों का पंजीयन हो चुका है, जबकि एक समय में लगभग 100 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इंद्रजीत सिंह छोटू का प्रेरणादायक संदेश

सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि –

“जीवन में सबसे पहले स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। स्वस्थ शरीर और स्वच्छ आत्मा में ही ईश्वर का वास होता है। आज के समय में बच्चों को न केवल शिक्षा बल्कि आत्मरक्षा भी सीखनी चाहिए, ताकि वे हर परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकें।”

उन्होंने आगे कहा कि –

“हमें हर प्रकार के नशे से दूर रहना है। नशा यदि होना चाहिए तो खेल का होना चाहिए—चाहे वह कराटे हो, बॉक्सिंग हो या कोई अन्य खेल। खेल से शरीर मजबूत होता है और जीवन में अनुशासन आता है।”उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही बच्चों के लिए बॉक्सिंग प्रशिक्षण की सुविधा शुरू की जाएगी, जिसके तहत पंचिंग बैग लगाए जाएंगे। साथ ही सभी बच्चों को कराटे ड्रेस (गणवेश) भी वितरित की जाएगी, ताकि वे एक समान अनुशासन में प्रशिक्षण ले सकें।

समिति के सदस्य भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष जोगा राव, राम हिंदरिया, शाहनवाज कुरैशी, श्रीमती चांदनी जगत, शिवबाती जांघेल, अंजलि साहू, मंजू वर्मा, रानी विश्वकर्मा, सरस्वती धुरंधर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई।