बोरे में मिली महिला की लाश की शिनाख्त, जांच तेज लिव-इन पार्टनर ने की पहचान, तीन संदिग्ध हिरासत में

दुर्ग/ भिलाई के चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुपेला थाना पुलिस ने मृतका की पहचान कर ली है और मामले की गुत्थी सुलझाने की दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

मृतका की पहचान हुई

सुपेला थाना पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान भारती निर्मलकर, निवासी कोसा नगर, सुपेला के रूप में हुई है। महिला के हाथ में बने गोदना (टैटू) में लिखे नामों को सार्वजनिक किए जाने के बाद उसका लिव-इन पार्टनर थाने पहुंचा, जहां उसने मृतका की पहचान की। इसके बाद महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने भी शिनाख्त की पुष्टि की।

12 दिसंबर को मिला था शव

उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर की सुबह चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में एक बोरे के अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला था। शव की हालत काफी खराब थी, जिससे पहचान करना चुनौतीपूर्ण बन गया था। मृतका के हाथ में गोदना से लखन, सुरेश, महादेव और आरती नाम लिखे हुए पाए गए थे, जो आगे चलकर पहचान का अहम सुराग बने।

आखिरी बार लिव-इन पार्टनर के साथ दिखी थी महिला

पुलिस जांच में परिजनों ने बताया कि मृतका 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ आखिरी बार देखी गई थी। इसके बाद से न तो वह किसी को दिखाई दी और न ही उससे संपर्क हो सका। इसी कड़ी को आधार बनाकर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।

कई जिलों में खंगाली गई गुमशुदगी रिपोर्ट

अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए दुर्ग पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित दर्जनभर जिलों की गुमशुदगी रिपोर्ट की पड़ताल की। इसके अलावा जिले के विभिन्न स्पा सेंटर्स में कार्यरत महिलाओं की जानकारी भी खंगाली गई। आखिरकार गोदना में लिखे नाम ही पहचान का सबसे ठोस आधार बने।

तीन संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

मामले में परिजनों के बयान और हत्या से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी और आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा।

जल्द होगा खुलासा

सुपेला पुलिस का कहना है कि जांच निर्णायक मोड़ पर है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।