तीन दिनों में चोरी की 7 वारदातें : क्या दुर्ग पुलिस मुस्तैद है?
भिलाई–दुर्ग में लगातार चोरी की घटनाओं से नागरिक दहशत में, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
दुर्ग/ जिले में बीते तीन दिनों के भीतर अलग–अलग थानों में चोरी की 7 रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। मोबाइल, वाहन, नकदी, जेवरात से लेकर पशुधन तक की चोरियां सामने आई हैं। नागरिकों में सवाल है कि क्या जिले की पुलिस चोरी रोकने और आरोपियों की गिरफ्तारी में नाकाम हो रही है?
भिलाई नगर थाना : क्रिकेट ग्राउंड से 97 हजार का सामान चोरी
30 नवंबर को मनी कम्मा मंदिर के पास गरबा ग्राउंड सेक्टर–7 में महिलाओं के क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान अज्ञात चोर बैग सहित मोबाइल फोन, नगदी, सोने–चांदी के जेवर और कार की चाबियां लेकर फरार हो गए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 97,000 रुपये बताई गई है। प्रार्थी डॉ. मौसमी यादव ने थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।
नंदिनी थाना : रेलवे फाटक से बाइक चोरी
28 नवंबर की रात ड्यूटी के दौरान रेलवे फाटक, नंदिनी में हीरो स्प्लेंडर बाइक (CG07 CQ 9813) चोरी हो गई। बाइक मालिक योगेश पांडे ने बाइक की कीमत 20,000 रुपये बताई है।
नेवई थाना : मैत्री गार्डन से दो वाहन चोरी
29 नवंबर को मैत्री गार्डन से छात्रा तनिष्का दीवान की सुज़ुकी एक्सेस (CG07 BT 7661) चोरी हो गई, कीमत 30,000 रुपये।
इसके साथ ही 2 सितंबर को चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG07 BX 7342) की रिपोर्ट 30 नवंबर को दर्ज कराई गई, जिसकी कीमत 20,000 रुपये है।
तीसरी रिपोर्ट में 24 नवंबर को हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG07 CT 4475) चोरी हुई जिसकी कीमत 40,000 रुपये बताई गई।
अंजोरा : पशु चिकित्सा महाविद्यालय से दो सूकर चोरी
27 से 28 नवंबर के बीच अंजोरा स्थित सूकर पालन इकाई में घुसकर अज्ञात चोरों ने शेड तोड़ दो सूकर चोरी कर लिए।
प्रत्येक सूकर की कीमत 7,000 रुपये, कुल 14,000 रुपये।
चौकी अंजोरा ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमलेश्वर थाना : खाली घर को बनाया निशाना, 70 हजार की चोरी
महादेव घाट अमलेश्वर में घर का ताला तोड़कर सोने–चांदी के गहने और नगदी 70,000 रुपये चोरी कर ली गई।
वारदात के समय परिवार शहर से बाहर था।
लगातार चोरी की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
तीन दिनों के भीतर दर्ज हुईं सात चोरियां—
- तीन वाहन चोरी
- क्रिकेट ग्राउंड से सामूहिक चोरी
- सूकर पालन केंद्र में सेंधमारी
- घर में चोरी
कुल चोरी का मूल्य लगभग 2,91,000 रुपये से अधिक
नागरिकों में असुरक्षा की भावना
लगातार घटनाओं के बाद शहरवासियों में सवाल है—
“आख़िर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कहाँ है?”
स्थानीय लोग चोरियों पर अंकुश और त्वरित गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



