रायपुर में सनसनीखेज वारदात: फर्जी महिला पुलिस ने बनाया बंधक, छात्र-छात्राओं से मारपीट और 1.50 लाख की लूट

कमल विहार में देर रात बड़ा अपराध

रायपुर/ राजधानी रायपुर के कमल विहार क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। फर्जी महिला पुलिस और उसके साथियों ने दो बहनों और उनके भाई को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की, छेड़छाड़ की और 1.50 लाख से अधिक मूल्य का सामान लूट लिया। घटना की रिपोर्ट मुजगहन थाना में दर्ज कराई गई है।

लिफ्ट के पास शुरू हुआ विवाद

शिकायतकर्ता रोशिता तिर्की ने बताया कि 14 नवंबर की रात लगभग 12 बजे वह अपनी बहन रिया तिर्की के साथ अपने बीमार भाई अटल कुमार भगत के लिए खाना देने कृष्णा हाइट्स, ब्लॉक-1, फ्लैट 102 पहुंची थी।
खाना देकर जैसे ही वे वापस लौटने लगीं, लिफ्ट के पास एक महिला और तीन युवक नशे की हालत में मिले।

इन लोगों ने खुद को पुलिस बताकर पूछताछ शुरू की और कुछ ही सेकंड में दोनों बहनों को जबरदस्ती धक्का देकर फ्लैट के अंदर ले गए।

कमरे में बंधक बनाकर मारपीट

फ्लैट के भीतर आरोपियों ने छात्रों पर मुक्कों, थप्पड़ों और बेल्ट से हमला किया। विरोध करने पर चाकू अटल भगत के गले पर रख दिया गया और धमकी दी—
“आवाज़ निकाली तो जान से मार देंगे।”

आरोपियों के साथी भी बाद में कमरे में आ गए और सभी पीड़ितों को रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया।

छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी

FIR के अनुसार हिस्ट्रीशीटर पूजा सचदेव और उसके भाई निखिल सचदेव ने मारपीट के दौरान रोशिता तिर्की के साथ अश्लील हरकत की और गलत तरीके से छुआ। विरोध करने पर और अधिक मारपीट की गई।

2 लाख की मांग, ATM से निकाले पैसे

पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों ने 2 लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर रिया तिर्की के पर्स से 7,000 रुपये लूट लिए और नवनीत कुजूर को ATM ले जाकर 9,000 रुपये जबरदस्ती निकलवाए।

कीमती सामान की लूट

गैंग पीड़ितों का कीमती सामान भी ले गया। इनमें शामिल हैं—

  • आईफोन मोबाइल
  • रितिक लकड़ा का लैपटॉप
  • अनुराग तिर्की की एक्टिवा
  • कमरे का गैस सिलेंडर तक उठा ले गए

कुल मिलाकर लगभग 1.50 लाख रुपये से अधिक की कीमत का सामान लूट लिया गया।

पूरी रात बंधक रहने के बाद FIR

रातभर बंधक बनाए रखने के बाद मौका मिलते ही युवकों ने अपने परिचित अभिषेक खल्खो और अजय कुजूर को जानकारी दी।
सुबह सभी पीड़ित मुजगहन थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें पूजा सचदेव और उसके साथियों को नामजद किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।