सब्जी विक्रेता के छल में फंसी महिला, फर्जी समिति के नाम पर 5.40 लाख की ठगी—धमकी देकर हुआ फरार
भरोसा जीतकर रचा ठगी का जाल
रायपुर/ सब्जी बेचने वाले एक व्यक्ति ने भरोसा जीतकर महिला से लाखों की ठगी कर ली। आरोपी ने स्वयं को “अपना सहारा जन सेवा कल्याण समिति” नाम की संस्था का संचालक बताते हुए निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया। पीड़िता की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने आरोपी राजू बाघ के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
सब्जी खरीदते समय हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में मोती नगर सामुदायिक भवन के पास सब्जी खरीदते समय, 38 वर्षीय पीड़िता पुष्पा नामदेव उर्फ डॉली नामदेव की मुलाकात आरोपी से हुई। आरोपी राजू बाघ वहां ठेला लगाकर सब्जी बेचता था।
फर्जी संस्था का लालच देकर बनाया सदस्य
राजू बाघ ने खुद को समिति का संचालक बताते हुए कहा कि संस्था स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से रोजगार देती है और कमाई कर सदस्यों में प्रॉफिट बांटती है। उसकी बातों से प्रभावित होकर पीड़िता संस्था की सदस्य बन गई और मार्च–अप्रैल 2024 में फोन-पे के जरिए 1 लाख रुपये जमा किए।
प्रॉफिट दिखाकर बढ़ाया विश्वास, फिर गायब हुआ
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने बीच-बीच में थोड़ी-थोड़ी रकम प्रॉफिट के तौर पर भेजी, जिससे पीड़िता का विश्वास बढ़ गया और उसने और पैसे दे दिए। इसके बाद आरोपी घर खाली कर फरार हो गया और अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
जांच में खुली पोल—संस्था अस्तित्व में ही नहीं
बाद में जानकारी लेने पर पीड़िता को पता चला कि ऐसी कोई संस्था संचालित ही नहीं होती, न रोजगार दिया जाता है और न ही मुनाफा बांटा जाता है। इस तरह वह ठगी का शिकार हुई।
इकरारनामा के बावजूद नहीं लौटाए पैसे
दिसंबर 2024 में दोनों के बीच लिखित इकरारनामा भी किया गया, जिसमें राजू बाघ ने 5,40,000 रुपये वापस करने की बात मानी, लेकिन अब तक पैसे नहीं लौटाए।
धमकी देकर मामला दबाने की कोशिश
रकम वापस मांगने पर आरोपी ने पीड़िता को अश्लील गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा—
“पैसा नहीं दूंगा, जो करना है कर लो। कोर्ट जाओगी तो उठवा दूंगा, रायपुर में कहीं भी रहोगी तो जान से मरवा दूंगा।”
अन्य लोगों से ठगी की आशंका
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अन्य लोगों को भी समिति में सदस्य बनाने और मुनाफा दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की है। मामले में आगे की जांच जारी है।



