जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही : प्रसव के दौरान महिला का वीडियो बना, सोशल मीडिया पर वायरल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला उजागर हुआ है। प्रसव पीड़ा से गुजर रही एक महिला का वीडियो ऑपरेशन थिएटर में ही बनाया गया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस में हड़कंप मच गया है।

पति ने दर्ज कराई शिकायत

जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले की महिला प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती थी। ऑपरेशन थिएटर में ले जाने पर महिला दर्द से तड़प रही थी। इसी दौरान किसी ने वहां मौजूद रहकर वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट पर डाल दिया।
महिला के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद जब पति को इस बारे में पता चला तो उसने तत्काल सिविल सर्जन और एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने बताया कि घटना के समय डॉक्टरों की टीम और अस्पताल कर्मचारी मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा गौरेला थाना पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से वीडियो वायरल करने वाले शख्स की पहचान कर रही है।

कर्मचारियों पर शक की सुई

अस्पताल प्रशासन ने प्रारंभिक स्तर पर कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि वीडियो किसी स्टाफ सदस्य ने ही बनाया और बाहर फैलाया।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि वीडियो बनाने और वायरल करने वाले की पहचान होते ही उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने भी साफ कर दिया है कि इस तरह की संवेदनहीन हरकत करने वाले को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।