इंटरनेट मीडिया में हुई किरकिरी के बाद भाजपा सक्रिय, दिव्यांग भाजपा नेता बिशंभर यादव का AIIMS रायपुर में इलाज शुरू


पार्टी नेताओं ने संभाली जिम्मेदारी
बिश्रामपुर/ सड़क हादसे में दिव्यांग हुए भाजपा नेता बिशंभर यादव द्वारा मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगने का मामला चर्चा में आने के बाद भाजपा संगठन हरकत में आया। नईदुनिया में खबर प्रकाशित होने और सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना होने के बाद पार्टी नेता उनके इलाज के लिए सक्रिय हो गए।
मंत्री और विधायक पहुंचे घर
बुधवार देर शाम कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी बिशंभर यादव के घर पहुंचे। इस दौरान दिव्यांग भाजपा नेता ने उन्हें खरी-खोटी सुनाते हुए फिर से इच्छा मृत्यु की मांग रखी। इसके बाद दोनों नेताओं ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें रायपुर एम्स के लिए रवाना किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने किया मुलाकात
गुरुवार को दोपहर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एम्स अस्पताल पहुंचे और आईसीयू में भर्ती भाजपा नेता से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनका समुचित इलाज होगा और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
हादसे से हुई स्थायी विकलांगता
बता दें कि दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने बस से रायपुर जाते समय बेमेतरा के पास सड़क हादसे में भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री बिशंभर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद वे स्थायी विकलांगता के शिकार हो गए। संगठन की उपेक्षा और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उन्होंने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी।
पार्टी पदाधिकारी भी सक्रिय
बुधवार रात कैबिनेट मंत्री, विधायक के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी और अन्य पदाधिकारी भी तीन सदस्यीय टीम के साथ बिशंभर यादव के घर ग्राम तेलईकछार पहुंचे। वहां उन्होंने इलाज और समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने भी मोबाइल पर बात कर आश्वासन दिया कि इलाज में कोई कमी नहीं रहेगी।
एम्स रायपुर में शुरू हुआ उपचार
गुरुवार सुबह से ही एम्स रायपुर में बिशंभर यादव का इलाज शुरू हो गया। फिलहाल उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए।





