कर्ज के बोझ ने ली जान: ब्याज बढ़ने पर व्यापारी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


अंबिकापुर/ बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे कर्ज का विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है।
नदी किनारे मिला शव, पुलिस को मिले अहम सुराग
30 अगस्त 2025 को ग्राम चपोता स्थित रेड़ नदी के पास ग्राम पंडरी (थाना माड़ा, जिला सिंगरौली) निवासी व्यवसायी शिवराज सिंह का शव मिला था। मृतक की मोटरसाइकिल नदी से करीब 50 मीटर दूर खड़ी थी। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान, टूटा हुआ चाकू का हत्था और शव घसीटने के चिह्न मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि व्यापारी की गला दबाकर हत्या की गई थी।
पैसों के विवाद से उपजा विवाद
जांच के दौरान मृतक के परिजनों ने बताया कि सियाचंद वैश्य (43 वर्ष), निवासी ग्राम भावखण्ड थाना माड़ा, ने मृतक से करीब 7.50 लाख रुपये उधार लिए थे। ब्याज मिलाकर रकम 15 लाख तक पहुंच गई थी। आरोपी ने केवल 1.50 लाख रुपये लौटाए थे, जबकि मृतक लगातार बाकी रकम की मांग कर रहा था।
इसी विवाद से परेशान होकर आरोपी ने व्यापारी की हत्या की साजिश रची।
हत्या की पूरी साजिश और वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने घटना से एक दिन पहले सिंगरौली स्थित दुकान से चाकू खरीदा। अगले दिन वह मृतक के साथ जमीन देखने के बहाने चपोता गांव पहुंचा।
नदी किनारे दोनों में झगड़ा हुआ। मृतक ने चाकू छीनने की कोशिश की जिससे चाकू टूट गया। इसके बाद आरोपी ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घसीटकर नदी में फेंक दिया।
हत्या के बाद 50 हजार लेकर भागा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मृतक की जेब से 50 हजार रुपये नकद निकालकर ले गया। खून से सने कपड़े पास की झाड़ी में फेंक दिए और अपनी बाइक से घर चला गया।
इसके बाद वह कपड़े बदलकर सामान्य तरीके से स्कूल पढ़ाने भी चला गया, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंच बनाई। हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से मोटरसाइकिल, मोबाइल, हेलमेट और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। सियाचंद वैश्य को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।





