अलसुबह भिलाई-3 बाजार के पास खून से रंगी फोरलेन सड़क,  प्रथम दृष्टया नजर आ रही स्थिति से परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मेन लेन से सर्विस लेन में आ युवती को कुचलकर भाग निकली ट्रक

भिलाई-3/ सुबह – सुबह जिम जाने घर से पैदल निकली युवती सड़क हादसे का शिकार हो गई। फोरलेन के मेन लेन से रायपुर की ओर जा रहे किसी वाहन सर्विस लेन पर उतरकर युवती को जोरदार ठोकर मारा और वापस मेन लेन में जाकर भाग निकली। घटना आज सुबह साढ़े 5 से 6 बजे के भिलाई-3 में जनता स्कूल मिडिल कट से थोड़ा पहले हुआ है। मृतका सौम्या तिवारी पिता कमलेश तिवारी ( 23 वर्ष ) बाजार चौक भिलाई-3 की रहने वाली है। प्रथम दृष्टया नजर आ रही स्थिति से परिजनों ने दुर्घटना के बजाय युवती की वाहन से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल भिलाई-3 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आज सुबह सौम्या तिवारी भिलाई-3 बाजार स्थित निवास से निकलकर फोरलेन के सर्विस लेन से पैदल चलते हुए राम मंदिर के पास हेल्थ जिम जा रही थी। इसी दौरान जनता स्कूल मिडिल कट से थोड़ा पहले किसी वाहन ने आकर उसे जबरदस्त ठोकर मार दिया। वाहन की ठोकर से सौम्या के सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर किसी वाहन के पहिए का निशान साफ नजर आ रहा है। वाहन का निशान देखने से ऐसा लग रहा है कि घटना की जिम्मेदार वाहन मेन लेन पर दुर्ग से रायपुर की दिशा में जा रही थी। तभी जलाराम स्वीट्स के पास वह सर्विस लेन पर उतरकर पैदल जा रही सौम्या तिवारी को टक्कर मारने के बाद थोड़ा आगे जाकर जनता स्कूल मिडिल कट से पहले मेन लेन में जाकर आगे की ओर भाग निकला। इस आधार पर परिजनों ने घटना को महज सड़क दुर्घटना के बजाय हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से घटना की जिम्मेदार वाहन का पता लगाने में जुटी हुई है।
सौम्या तिवारी के पिता कमलेश तिवारी उर्फ भोला का बाजार चौक भिलाई-3 में चाय नाश्ता का होटल है। जबकि सौम्या की बुआ प्रभा तिवारी आरटीओ विभाग में उप निरीक्षक है। प्रभा तिवारी ने बताया कि सौम्या ने एक दिन पहले ही ट्रैफिक अवेयरनेस के लिए काम करने वाली निजी कंपनी को ज्वाइन किया था। वह इस कंपनी से जुड़कर वो लोगों को सड़क सुरक्षा माह में जागरूक करती, लेकिन एक लापरवाह वाहन चालक की गलती ने सौम्या की जिंदगी छीन ली। घटना सूचना मिलने के बाद सौम्या की मां मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक हाइवे पेट्रोलिंग-3 के आरक्षक नरेंद्र कुमार पात्रे युवती के शव को सुपेला अस्पताल ले जा चुके थे। परिजन रोते बिलखते सुपेला अस्पताल पहुंचे। पूरे परिवार में मातम फैला है। परिजनों का कहना है कि ये दुर्घटना नहीं हत्या है। पुलिस को चाहिए की वो सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी को पकड़कर पूछताछ करें कि मेन लेन से उतरकर सर्विस लेन में खड़ी युवती को उसने अपनी चपेट में क्यों लिया और फिर मेन लेन से फरार हुआ।