खुर्सीपार में पेयजल व्यवस्था की जांच तेज, सप्लाई लाइन और बोरवेल से लिए गए पानी के सैंपल
भिलाईनगर। खुर्सीपार क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई ने निरीक्षण अभियान चलाया। आयुक्त सुरुचि सिंह से चर्चा के बाद निगम की टीम, पर्यावरण विभाग तथा केंद्रीय भूजल बोर्ड के वैज्ञानिक ने क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 43, 44 और 46 में पेयजल सप्लाई लाइन एवं बोरवेल से मिलने वाले पानी के नमूने परीक्षण के लिए लिए गए।
मोहल्लेवासियों से ली पेयजल आपूर्ति की जानकारी
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर स्थानीय रहवासियों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति के संबंध में चर्चा की। लोगों से पानी की गुणवत्ता, नियमित आपूर्ति तथा सामने आ रही समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली गई।
स्थानीय स्तर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर टीम ने स्टार एक्स तार प्राइवेट लिमिटेड का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के संबंध में पर्यावरण विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पानी की जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य खुर्सीपार क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता और जलापूर्ति व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। सप्लाई लाइन एवं बोरवेल से लिए गए पानी के नमूनों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निगम और संबंधित विभागों द्वारा क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखते हुए सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय भूजल बोर्ड के वैज्ञानिक बी. अभिषेक, सहायक अभियंता अजय गौर, पर्यावरण अधिकारी संजय सिंह, उप अभियंता बसंत साहू, आशीष भारती, वेंकट सहित पर्यावरण विभाग की टीम मौजूद रही।



