प्रशिक्षु वनरक्षियों ने भू-जल संरक्षण संरचनाओं और वन धन विकास केंद्र का किया भ्रमण
डोमन साहू | धमतरी। झारखंड के चाईबासा स्थित वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय से आए 80 प्रशिक्षु वनरक्षियों ने धमतरी वनमंडल के दक्षिण सिंगपुर परिक्षेत्र अंतर्गत पम्पपार नाला में भू-जल संरक्षण संरचनाओं का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें संरचनाओं की निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी विशेषताओं, लागत, रख-रखाव और जल संरक्षण में उनकी उपयोगिता की जानकारी दी गई।
इसके बाद प्रशिक्षणार्थियों ने वन धन विकास केंद्र दुगली का शैक्षणिक भ्रमण कर लघु वनोपज के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और उत्पाद निर्माण की गतिविधियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय संसाधनों के सतत उपयोग, वन संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के जरिए रोजगार एवं आजीविका बढ़ाने की संभावनाओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, परिक्षेत्रीय कर्मचारियों और वन धन विकास केंद्र के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी। यह भ्रमण प्रशिक्षु वनरक्षियों के लिए उपयोगी और ज्ञानवर्धक रहा।



