भिलाई के तालाबों को स्वच्छ और सुंदर बनाने निगम की पहल, मछुवा संघ के सहयोग से हटाई जा रही जलकुंभी

 भिलाई के तालाबों को स्वच्छ और सुंदर बनाने निगम की पहल, मछुवा संघ के सहयोग से हटाई जा रही जलकुंभी

निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देश पर सफाई अभियान तेज, नागरिकों से तालाबों में कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने की अपील

भिलाईनगर। शहर के तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मछुवा संघ के सहयोग से तालाबों में फैली जलकुंभी और अन्य जलकचरे को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न तालाबों का निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार सफाई कराई जा रही है। मछुवा संघ के सदस्य तालाबों में जमी जलकुंभी को निकालकर किनारे एकत्रित कर रहे हैं, जिसके बाद उसे हटाया जा रहा है।

जलकुंभी हटने से सुधरेगा तालाबों का स्वरूप

तालाबों में जलकुंभी की अधिकता से न केवल उनकी सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि जल की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जलकुंभी हटाने से तालाबों का खुला जल क्षेत्र बढ़ेगा और उनका प्राकृतिक स्वरूप बेहतर होगा। निगम का उद्देश्य तालाबों की सफाई के साथ-साथ इन जलस्रोतों को लंबे समय तक स्वच्छ एवं उपयोगी बनाए रखना है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर निगम द्वारा तालाबों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और जलस्रोतों में कचरा जाने से रोकने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे तालाबों में प्लास्टिक, घरेलू कचरा और पूजन सामग्री न डालें तथा जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

निगम के अनुसार, तालाबों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए सफाई कार्य नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। स्वच्छ तालाब, सुंदर भिलाई और सुरक्षित पर्यावरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।