कुम्हारी में सेवा संकल्प अभियान का असर: 44 आवेदन मिले, सभी का मौके पर ही निराकरण

 कुम्हारी में सेवा संकल्प अभियान का असर: 44 आवेदन मिले, सभी का मौके पर ही निराकरण

16 विभागों के लगाए गए स्टॉल, नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं की जानकारी

कुम्हारी। आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कुम्हारी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वृहद ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों से प्राप्त कुल 44 आवेदनों में सभी 44 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। शिविर में 16 विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की।

एक ही स्थान पर मिलीं कई विभागों की सेवाएं

सेवा सेतु शिविर में नगरीय प्रशासन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, राशन कार्ड, पेंशन, नल-जल सहित अन्य योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा आधार, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।

शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। नागरिकों को संबंधित विभाग की योजनाओं, पात्रता और सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की गई।

44 आवेदन, 44 का तत्काल समाधान

शिविर की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 44 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। आवेदनों के तत्काल निराकरण से शिविर में पहुंचे नागरिकों को राहत मिली और उन्हें संबंधित सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सुगम हुई।

जनप्रतिनिधियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागवार प्राप्त आवेदनों तथा उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी भी ली। मौके पर आवेदनों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था को नागरिकों के लिए उपयोगी पहल बताया गया।

शिविर के सफल आयोजन में नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराईं।

सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन और विभिन्न विभागों ने नागरिकों को शासकीय सेवाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया।