कुम्हारी में कचरे के ढेर के बीच मवेशी, नगर पालिका की व्यवस्था पर उठे सवाल, बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी। नगर पालिका कुम्हारी क्षेत्र में जगह-जगह लग रहे कचरे के ढेरों से खुले में घूम रहे मवेशियों के सामने गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। भोजन की तलाश में पशु कचरे के ढेर से पॉलीथिन और अन्य हानिकारक अपशिष्ट खाने को मजबूर हैं। नगर पालिका प्रशासन की इस लापरवाही पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने कड़ा आक्रोश जताया है। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल कुम्हारी के नगर अध्यक्ष अनुज शुक्ला ने कहा कि शहर की बदहाल स्वच्छता व्यवस्था बेहद चिंताजनक है उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाने, नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने, गीला व सूखा कचरा अलग करने तथा पशुओं को हानिकारक कचरा खाने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उन पर कार्रवाई करने की भी बात कही गई है। अनुज शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने कचरा प्रबंधन और गौ माता की सुरक्षा के लिए तत्काल उचित कदम नहीं उठाए, तो विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा नगर पालिका का घेराव कर उग्र विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।



