भारतीय मजदूर संघ के महाधरना में दुर्ग से उमड़ेगा मजदूरों का हुजूम, 1 अक्टूबर को तूता में होगा जंगी प्रदर्शन

 भारतीय मजदूर संघ के महाधरना में दुर्ग से उमड़ेगा मजदूरों का हुजूम, 1 अक्टूबर को तूता में होगा जंगी प्रदर्शन

विभिन्न कर्मचारी एवं श्रमिक संगठनों के सदस्य होंगे शामिल, 11 यूनियनों ने दी भागीदारी की सहमति; सुबह 9 बजे बीआरपी चौक से रायपुर के लिए रवाना होगा जत्था

दुर्ग। भारतीय मजदूर संघ द्वारा कर्मचारियों एवं श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 1 अक्टूबर को नया रायपुर के तूता में आयोजित महाधरना प्रदर्शन में दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में सदस्य शामिल होंगे। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर 29 सितंबर को भारतीय मजदूर संघ जिला कार्यालय में संघ से संबद्ध यूनियनों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला मंत्री एवं जिला अध्यक्ष की मौजूदगी में महाधरना में शामिल होने वाले सदस्यों की संख्या, उनके आवागमन के साधन तथा रायपुर पहुंचने की व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान भिलाई से पाटन और अभनपुर होते हुए नया रायपुर के तूता पहुंचने का मार्ग तय किया गया।

सुबह 9 बजे बीआरपी चौक से रवाना होगा जत्था

भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों के अनुसार दुर्ग जिले से विभिन्न यूनियनों के सदस्य सुबह 9 बजे बीआरपी चौक पर एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी सदस्य एक साथ वाहनों के माध्यम से नया रायपुर के तूता के लिए रवाना होंगे।

कर्मचारियों और श्रमिकों की कई प्रमुख मांगें

महाधरना के माध्यम से भारतीय मजदूर संघ द्वारा कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़ी कई मांगों को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। इनमें नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियमित करने, निर्माणी यूनियन के पदाधिकारियों को पुनः नियोजन का अधिकार प्रदान करने तथा सभी शासकीय विभागों में पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग प्रमुख है।

इसके अलावा लंबे समय से संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने, उद्योगों में कार्यरत ठेका श्रमिकों को साप्ताहिक वेतन सहित अवकाश देने, स्थायी कर्मचारियों के समान सामाजिक लाभ प्रदान करने तथा ठेका श्रमिकों के रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जाएगी।

संघ की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं एवं मध्यान्ह भोजन कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने और उनके मानदेय में वृद्धि करने की मांग भी रखी जाएगी।

भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों का एरियर और बोनस फार्मूला भी मुद्दा

महाधरना में भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के 39 महीने के बकाया एरियर का भुगतान करने तथा सेल कर्मचारियों के मौजूदा बोनस फार्मूले में बदलाव करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी। भारतीय मजदूर संघ का कहना है कि कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े इन मुद्दों का निराकरण लंबे समय से लंबित है।

दुर्ग जिले की ये यूनियनें होंगी शामिल

महाधरना प्रदर्शन में दुर्ग जिले से भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से—

  • स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ
  • निर्माण मजदूर संघ
  • बिजली कर्मचारी संघ महासंघ
  • राज्य कर्मचारी संघ
  • भिलाई इस्पात मजदूर संघ
  • एनएसपीसीएल कर्मचारी संघ
  • दक्षिण पूर्व रेलवे कर्मचारी संघ
  • पोस्टल एम्प्लाइज यूनियन
  • सफाई कर्मचारी संघ
  • मिड डे मिल रसोइया संघ
  • आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ
  • औद्योगिक यूनियन ठेका कर्मचारी संघ

शामिल हैं।

भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि महाधरना के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा। दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यूनियनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।