मूसलाधार बारिश से कच्चा मकान ढहा, परिवार बाल-बाल बचा
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी। बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब ग्रामीण इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। कुम्हारी समीप ग्राम पाहंदा (अ) के इंद्रानगर में बारिश के चलते संतोष ध्रुव का कच्चा मकान अचानक ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार संतोष ध्रुव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ इसी मकान में रहते हैं। मकान ढहने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है और उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में मदद की।
वहीं ग्राम पाहंदा (अ) में कुरूदडीह रोड पर भी बारिश के चलते एक मकान की दीवार ढह गई। हालांकि इस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे मकानों और जर्जर भवनों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों को प्रशासन से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



