​कुम्हारी के वार्ड 16 ग्राम परसदा में मूसलाधार बारिश से तबाही: आधा गांव जलमग्न, SDRF ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

 ​कुम्हारी के वार्ड 16 ग्राम परसदा में मूसलाधार बारिश से तबाही: आधा गांव जलमग्न, SDRF ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

राकेश कुमार की रिपोर्ट
​कुम्हारी। नगर पालिका कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 16 स्थित ग्राम परसदा में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मूसलाधार बारिश और परसदा नाले का जलस्तर बढ़ने से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है, जिससे गांव की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है।

कमर तक भरा पानी, घरों में घुसा जल

​अटल आवास कॉलोनी और आसपास के इलाकों में कमर तक पानी भर चुका है। तस्वीरों व वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग अपने घरों से निकलने के लिए घुटनों से ऊपर तक भरे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। पानी का बहाव और स्तर इतना अधिक है कि दुकानों के शटर और घरों के निचले हिस्से पूरी तरह डूब चुके हैं।

सामुदायिक भवनों में शरण लेने को मजबूर ग्रामीण

परसदा नाले का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण आधा गांव बाढ़ की चपेट में आ गया है। लोगों के घरों में पानी भर जाने से कई परिवारों को अपनी रात सामुदायिक भवनों में गुजारनी पड़ी। इसके अलावा, गांव में स्थित छात्रावास और राजीव भवन के आसपास भी भारी जलभराव हो गया है, जिससे वहां रह रहे छात्र और स्थानीय नागरिक खासे परेशान हैं।

आवागमन पूरी तरह ठप्प, मगरघटा पुल के ऊपर से बह रहा पानी

​बारिश और जलभराव के कारण गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से पूरी तरह टूट गया है। रास्ते पूरी तरह से बंद हो चुके हैं। वहीं नया बना पुल भी उफान के कारण छलकने की कगार पर है। इसके साथ ही मुक्तिधाम जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है और मगरघटा पुल के ऊपरह से पानी बहने के कारण लोगों का आवागमन और संपर्क पूरी तरह कट चुका है।

SDRF की टीम ने रात में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात में ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावितों के लिए राहत कार्य जारी हैं।