जन्मदिन पर सादगी, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू ने किया पौधरोपण

 जन्मदिन पर सादगी, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू ने किया पौधरोपण

मां वृंदा देवी के दर्शन से दिन की शुरुआत, रामधुनी प्रतियोगिता में हुईं शामिल; रानीतराई स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और स्टाफ को बांटे फल

रानीतराई। पाटन विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-12 की जिला पंचायत सभापति श्रीमती कल्पना नारद साहू ने अपना जन्मदिन सादगीपूर्ण एवं सेवा भाव के साथ मनाते हुए समाज को पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने धर्मनगरी कौही पहुंचकर कदम के पौधे का रोपण किया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

जन्मदिन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे भी कौही पहुंचीं और श्रीमती कल्पना नारद साहू को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मां वृंदा देवी के दर्शन से हुई दिन की शुरुआत

श्रीमती कल्पना नारद साहू ने अपने जन्मदिन की शुरुआत मां वृंदा देवी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने मां का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे ग्राम आगेसरा पहुंचीं, जहां आयोजित रामधुनी प्रतियोगिता में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजन समिति एवं ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया।

स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और स्टाफ के साथ मनाया जन्मदिन

रामधुनी कार्यक्रम के पश्चात श्रीमती साहू का काफिला स्वास्थ्य केंद्र रानीतराई पहुंचा। यहां उन्होंने मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ के बीच फल की टोकरियां वितरित कीं। उन्होंने मरीजों से उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा क्षेत्र में दी जा रही सेवाओं की सराहना की।

जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंदों के बीच फल वितरण कर उन्होंने सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।

कौही में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के बाद किया पौधरोपण

इसके बाद श्रीमती कल्पना नारद साहू धर्मनगरी कौही पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए उन्होंने कदम का पौधा रोपित किया

उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों को पौधरोपण जैसे सकारात्मक कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

कौही में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने श्रीमती कल्पना नारद साहू का स्वागत करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर केक काटकर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष श्री लालेश्वर साहू विशेष रूप से मौजूद रहे।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण रहे उपस्थित

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कौही की सरपंच श्रीमती लीना साहू, ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू सहित योगेश्वर साहू, हेमलाल साहू, गुमान साहू, राजेश साहू, सुरेश साहू, पवन साहू, संजू साहू, भागवत सिन्हा, नरेंद्र साहू, विजय साहू, उकेश साहू, नारायण साहू, डोमन साहू, मीडिया प्रभारी अभिषेक सेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

श्रीमती कल्पना नारद साहू का यह जन्मदिन समारोह धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।