कर वसूली की सुस्त रफ्तार पर निगम आयुक्त सख्त, सर्वे कार्य में तेजी के निर्देश
वसूली एजेंसी को लक्ष्य के अनुरूप प्रदर्शन के निर्देश, डोर-टू-डोर और ड्रोन सर्वे की भी हुई समीक्षा
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में कर वसूली को प्रभावी बनाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने को लेकर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने अधिकारियों एवं वसूली एजेंसी के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। निगम सभागार में आयोजित बैठक में कर वसूली की प्रगति, डोर-टू-डोर सर्वे, ड्रोन सर्वे सहित विभिन्न मैदानी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कर वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी
बैठक के दौरान आयुक्त ने वसूली एजेंसी एसपीएस द्वारा किए जा रहे कर वसूली कार्यों की जानकारी ली। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए वसूली कार्य में गंभीरता और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एजेंसी को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए कर वसूली में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने कहा।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कर वसूली कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से वसूली की गति बढ़ाई जाए।
डोर-टू-डोर सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में डोर-टू-डोर सर्वे कार्य की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित टीम को प्रत्येक क्षेत्र में व्यवस्थित एवं प्रभावी सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित क्षेत्रों को समयबद्ध तरीके से कवर किया जाए, ताकि निगम के राजस्व संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
वहीं आईआईटी टीम द्वारा किए जा रहे ड्रोन सर्वे की प्रगति की भी जानकारी ली गई। आयुक्त ने ड्रोन सर्वे कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मैदानी वाहनों में लगेगा GPS, कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति
निगम के मैदानी कार्यों की निगरानी को और बेहतर बनाने के लिए मैदानी कार्यों में उपयोग किए जाने वाले वाहनों में GPS सिस्टम लगाया जाएगा। इसके माध्यम से वाहनों की लोकेशन और उनके संचालन की नियमित निगरानी की जा सकेगी।
इसके साथ ही प्लेसमेंट कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की जा रही है। इससे कर्मचारियों की उपस्थिति को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के साथ ही उनके मैदानी कार्यों की निगरानी भी प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
जोन आयुक्तों और राजस्व अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी
आयुक्त सुरुचि सिंह ने जोन आयुक्तों एवं सहायक राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कर वसूली, सर्वे और अन्य मैदानी कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे कार्यों की लगातार समीक्षा करें और जहां भी कमी दिखाई दे, वहां तत्काल आवश्यक सुधार एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, उपायुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू तथा राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



