पुरानी भिलाई में लूटकांड का खुलासा, 75 हजार के तीन मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

पता पूछने के बहाने घेरा, धमकाकर मोबाइल-पर्स लूटा; 6 घंटे में तीनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में राहगीर को पता पूछने के बहाने रोककर डरा-धमकाकर मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। घटना के बाद थाना पुरानी भिलाई और थाना छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार पतासाजी और घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये है, बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CY 9369, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, को भी जप्त किया गया है।

पता पूछने के बहाने रोका, फिर घेरकर दी जान से मारने की धमकी

जानकारी के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे प्रार्थी सुरेन्द्र कुमार बघेल, निवासी सुभाष चौक, शीतला पारा, भिलाई-03, घर से टहलने निकले थे। वे नेशनल हाईवे की सर्विस रोड से होते हुए बिजली ऑफिस के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद तीनों ने प्रार्थी को घेर लिया और मोबाइल फोन की मांग करने लगे। प्रार्थी द्वारा मोबाइल देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती मोबाइल तथा पर्स छीन लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 510/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना पुरानी भिलाई और थाना छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जानकारी एवं लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाना छावनी क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद संजय देवांगन और साहिल चेलक को विधिवत गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार आरोपियों का तरीका राहगीरों को निशाना बनाना था। आरोपी मोटरसाइकिल से घूमते हुए राहगीर को पता पूछने के बहाने रोकते, बातचीत के दौरान उसे घेर लेते और विरोध करने पर धमकी देकर मोबाइल एवं अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते थे।

ये सामान हुआ बरामद

  • वीवो V27 मोबाइल फोन — कीमत करीब ₹35,000
  • सैमसंग मोबाइल फोन — कीमत करीब ₹20,000
  • टीपल सी मोबाइल फोन — कीमत करीब ₹20,000
  • हीरो मोटरसाइकिल CG 07 CY 9369 — कीमत करीब ₹50,000

गिरफ्तार आरोपी

  1. संजय देवांगन, पिता विनोद देवांगन, उम्र 25 वर्ष, निवासी मिलन चौक, संतोषी पारा, थाना छावनी।
  2. साहिल चेलक, पिता बबलू चेलक, उम्र 19 वर्ष, निवासी करुणा अस्पताल, दीपक बक्श के पास, थाना छावनी।
  3. एक विधि से संघर्षरत बालक।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई के निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा एवं सहायक उप निरीक्षक हिरामन रामटेके सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। किसी आपराधिक घटना का सामना होने पर बिना जोखिम उठाए तत्काल पुलिस को सूचना दें और जांच एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।