बेटे की मौत का मुआवजा लेकर कोर्ट से निकली महिला, ऑटो में 1.60 लाख रुपये पार; पुलिस ने शुरू की जांच
रायपुर। बेटे की दुर्घटना में हुई मौत के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि लेने रायपुर पहुंची कबीरधाम जिले की एक महिला के साथ रास्ते में बड़ी चोरी हो गई। न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से 1.60 लाख रुपये निकालने के बाद महिला अपने पति के साथ ऑटो रिक्शा से रवाना हुई। भनपुरी चौक पहुंचने पर जब उसने अपना पर्स देखा तो उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने अपने पति और अधिवक्ता निरंजन साहू को इसकी सूचना दी। इसके बाद मामले की शिकायत सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक से रकम निकालने के बाद बदला ऑटो
जानकारी के मुताबिक, कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी महिला अपने बेटे की दुर्घटना मृत्यु से संबंधित मुआवजा राशि प्राप्त करने रायपुर आई थी। न्यायालय परिसर में स्थित पीएनबी बैंक से उसने 1.60 लाख रुपये निकाले और रकम को अपने पर्स में रख लिया।
इसके बाद वह अपने पति के साथ ऑटो रिक्शा से फाफाडीह चौक तक पहुंची। वहां से दोनों दूसरे ऑटो में सवार होकर भनपुरी चौक के लिए रवाना हुए। भनपुरी पहुंचने के बाद महिला ने जब अपना पर्स खोला तो उसके होश उड़ गए। पर्स में रखी पूरी 1.60 लाख रुपये की नकदी गायब थी।
ऑटो में ही चोरी होने की आशंका
नकदी गायब मिलने के बाद महिला ने तत्काल अपने पति और अधिवक्ता को घटना की जानकारी दी। उन्हें आशंका है कि ऑटो में सफर के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर पर्स से रकम निकाल ली।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला के बैंक से रकम निकालने के बाद से भनपुरी पहुंचने तक उसके साथ कौन-कौन लोग संपर्क में आए और किन-किन स्थानों पर वह रुकी।
बैंक से भनपुरी तक CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
सिविल लाइंस पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस बैंक परिसर से लेकर फाफाडीह चौक और वहां से भनपुरी चौक तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।
इसके साथ ही महिला द्वारा सफर किए गए दोनों ऑटो रिक्शा के चालकों से पूछताछ की जाएगी। रास्ते में महिला के आसपास मौजूद संदिग्ध लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस इस आशंका पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी व्यक्ति ने बैंक से महिला को रकम निकालते हुए देखा तो नहीं और इसके बाद उसका पीछा कर ऑटो में मौका देखकर नकदी चोरी की गई। फिलहाल आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



