युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़, कार्यकर्ताओं के अनुशासन और सक्रियता से मजबूत होगा संगठन : ए. गौरीशंकर
भाजपा युवा मोर्चा चरोदा मंडल की परिचयात्मक बैठक में संगठन विस्तार और आगामी निगम चुनाव की रणनीति पर हुई चर्चा
भिलाई-चरोदा। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा चरोदा मंडल की परिचयात्मक बैठक होटल आनंद सागर में आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर का युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी निगम चुनाव को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर ने कहा कि युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी के संगठन की रीढ़ है। युवा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा, क्षमता और नेतृत्व की अपार संभावनाएं हैं। यही युवा आने वाले समय में पार्टी का नेतृत्व संभालेंगे और संगठन को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल पदों से नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता, समर्पण और अनुशासन से होती है।
उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों का सम्मान करने, संगठन के अनुशासन का पालन करने तथा पार्टी की मर्यादा को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा और संगठनात्मक संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में युवा मोर्चा को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी निगम चुनाव में युवा मोर्चा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरकर पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
बैठक में उपस्थित युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी युवा मोर्चा के गठन, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। कार्यकर्ताओं ने आगामी निगम चुनाव में वार्ड स्तर पर सक्रिय भागीदारी निभाते हुए भाजपा के वार्ड प्रत्याशियों के साथ महापौर प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निगम उपनेता प्रतिपक्ष चंद्रप्रकाश पांडे, महामंत्री राजेश मौर्य, पूर्णिमा ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष परमजीत सिंह, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हेमराज साहू, युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी रोहित चौधरी, चरोदा मंडल अध्यक्ष मनोज चक्रधारी, महामंत्री आशीष बोरकर, होरीलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



