दुर्ग नगर निगम परिसर में महापौर की इनोवा में लगी आग, मचा हड़कंप

 दुर्ग नगर निगम परिसर में महापौर की इनोवा में लगी आग, मचा हड़कंप

दुर्ग। नगर निगम दुर्ग परिसर में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब महापौर अलका बाघमार के उपयोग में आने वाली इनोवा कार में अचानक आग लग गई। वाहन महापौर कक्ष के सामने खड़ा था। घटना के वक्त महापौर अपने चेंबर में मौजूद थीं।

बोनेट से उठने लगीं आग की लपटें

बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे खड़ी इनोवा के बोनेट से अचानक धुआं और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। वाहन में आग की सूचना मिलते ही निगम कर्मचारियों के साथ वहां मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई। आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए आसपास खड़े दूसरे वाहनों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया

घटना की जानकारी नगर निगम स्तर से तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब 12 बजे दमकल वाहन निगम परिसर पहुंचा, जिसके बाद टीम ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। समय रहते आग को नियंत्रित किए जाने से आसपास खड़े अन्य वाहनों को नुकसान होने की स्थिति टल गई।

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक तौर पर वाहन में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।

निगम ने किराए पर लिया है वाहन

जानकारी के अनुसार जिस इनोवा में आग लगी, वह नगर निगम दुर्ग द्वारा किराए पर लिया गया वाहन है। घटना के दौरान वाहन निगम परिसर में महापौर कक्ष के सामने खड़ा था। आग लगने के बाद तत्काल आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया और दूसरे वाहनों को हटाया गया।