साइबर ठगी से बचाव और सड़क सुरक्षा का संदेश, यातायात पुलिस ने ऑटो-बस चालकों व नागरिकों को किया जागरूक
दुर्ग। राज्य में संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बुधवार, 26 अगस्त को बस स्टैंड दुर्ग एवं जामा मस्जिद, सेक्टर-06 में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑटो चालकों, बस चालकों एवं आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया।
अनजान लिंक और कॉल से रहें सतर्क
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्हें समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और फोन, मैसेज या अन्य माध्यम से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा OTP मांगे जाने पर उसे किसी भी परिस्थिति में साझा न करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि अनजान नंबरों से आने वाले कॉल पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।
मोबाइल PIN और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील
यातायात पुलिस ने मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। नागरिकों को बताया गया कि मोबाइल का PIN कोड, पासवर्ड, बैंकिंग डिटेल्स, OTP अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
किसी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक के माध्यम से साइबर ठगी का प्रयास होने पर तत्काल सतर्क होकर 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
नशे में वाहन चलाने से बचें, यातायात नियमों का करें पालन
साइबर सुरक्षा के साथ-साथ कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता संदेश दिया गया। ऑटो एवं बस चालकों तथा आम नागरिकों से नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। साथ ही वाहन चलाते समय स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखने कहा गया।
जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की कि साइबर अपराधों से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें। इसी तरह सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाना जरूरी है।
पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता, सतर्कता और सावधानी सबसे प्रभावी उपाय हैं।



