नेहरू नगर SLRM सेंटर का आयुक्त सुरुचि सिंह ने किया निरीक्षण, C&D वेस्ट प्लांट जल्द पूरा करने के निर्देश

 नेहरू नगर SLRM सेंटर का आयुक्त सुरुचि सिंह ने किया निरीक्षण, C&D वेस्ट प्लांट जल्द पूरा करने के निर्देश

कचरा सेग्रीगेशन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर, कर्मचारियों की उपस्थिति हाईटेक करने कहा

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह ने सोमवार को नेहरू नगर स्थित SLRM सेंटर का निरीक्षण कर वहां संचालित कचरा प्रबंधन एवं निर्माणाधीन C&D (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट प्लांट की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को प्लांट का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने निर्माणाधीन C&D वेस्ट प्लांट के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अब तक हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। साथ ही निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा।उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्लांट को पूर्ण कर उपयोग के लिए तैयार किया जाए।

कचरा सेग्रीगेशन व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने SLRM सेंटर में संचालित गीला, सूखा एवं अन्य श्रेणियों के कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी ली तथा सेग्रीगेशन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

कर्मचारियों की उपस्थिति होगी हाईटेक

आयुक्त सुरुचि सिंह ने SLRM सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था को हाईटेक एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यस्थल पर मानव संसाधन की उपलब्धता और कार्य निष्पादन की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।उन्होंने अधिकारियों को सेंटर की गतिविधियों की सतत निगरानी रखने और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, नितेश मेश्राम, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, अशोक देवांगन, आशीष भारती, स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।