सड़क सुरक्षा को मिलेगा और मजबूती, यातायात पुलिस दुर्ग को मिले 35 नए ट्रैफिक स्टॉपर

दुर्ग। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सार्वजनिक संस्थाओं ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए यातायात पुलिस दुर्ग को 35 नग ट्रैफिक स्टॉपर प्रदान किए हैं। मेघ गंगा ग्रुप, दुर्ग ने 20 नग तथा कोशी एयर क्लब एंड रिसोर्ट, करंजा भिलाई ने 15 नग स्टॉपर जनहित में यातायात पुलिस को सौंपे।

इन स्टॉपर का उपयोग मार्ग डायवर्शन, दुर्घटना स्थल, विशेष यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए किया जाएगा। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही वाहन चालकों एवं राहगीरों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने में यातायात पुलिस को मदद मिलेगी।

विशेष यातायात व्यवस्था में होगा उपयोग

यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न आयोजनों, दुर्घटनाओं, सड़क मरम्मत कार्यों अथवा अन्य परिस्थितियों में मार्ग डायवर्ट करने के दौरान स्टॉपर का उपयोग किया जाता है। नए स्टॉपर उपलब्ध होने से ऐसी परिस्थितियों में यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

सामाजिक जिम्मेदारी की सकारात्मक पहल

सड़क सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक संस्थाओं द्वारा किया गया यह सहयोग जनहित से जुड़ी एक सकारात्मक पहल है। संस्थाओं ने स्वेच्छा से यातायात पुलिस को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर जनता की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है।

यातायात पुलिस दुर्ग का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। संस्थाओं और नागरिकों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने सार्वजनिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को जनअभियान बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा यातायात नियमों के पालन के साथ पुलिस और प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

सुरक्षित सड़क, सुगम यातायात—हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी।