सावन पर्व पर देवबलौदा के प्राचीन शिव मंदिर में रक्तदान शिविर, कांवड़ यात्रियों का हुआ भव्य स्वागत
देवबलौदा। सावन पर्व के अवसर पर रविवार, 16 अगस्त 2026 को ग्राम देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों सहित राम सूर्यवंशी, जिला महामंत्री दुर्ग ग्रामीण ने भी रक्तदान कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए चैतन्य बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र, निर्मल कोसरे, महापौर, कृष्णा चंद्राकर, सभापति तथा पार्षद भारती राम सूर्यवंशी द्वारा रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कांवड़ यात्रियों का किया स्वागत
सावन पर्व के अवसर पर चरोदा बस्ती से देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा भी निकाली गई। बोल बम के जयघोष के साथ कांवड़ यात्री शिव मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
कांवड़ यात्रा का राम सूर्यवंशी, भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, सनत कुमार कटाक्वार, शिवकुमार यादव, जीतू श्रीवास्तव एवं जीत सिंह सहित अन्य लोगों द्वारा स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए आयोजकों ने सावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
रक्तदान शिविर और कांवड़ यात्रा के आयोजन ने सावन पर्व की धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण का संदेश भी दिया। आयोजन में स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही।



