घर का दरवाजा तोड़कर घुसे युवक, गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी; बिजली मीटर में भी तोड़फोड़
पाटन। ग्राम देमार भाठापारा में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर में घुसकर दरवाजा तोड़ने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और विद्युत मीटर में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। घटना 14 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, भोजराम कोसे अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा लाभचंद कोसे, जिसका करीब एक माह पहले टिकेश्वर यादव उर्फ टिकु के साथ विवाद हुआ था, उसी पुरानी रंजिश को लेकर टिकेश्वर उर्फ टिकु अपने कुछ दोस्तों के साथ रात करीब 10:30 बजे उनके घर पहुंचा।
आरोप है कि आरोपियों ने घर के मुख्य दरवाजे को, जो अंदर से बंद था, तोड़ दिया और आंगन में प्रवेश कर दरवाजे को लात व ईंट से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने लाभचंद कोसे का नाम लेकर कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसे घर से बाहर निकलने के लिए कहा तथा जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान लाभचंद ने डायल-112 को फोन कर पुलिस सहायता मांगी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने घर के बाहर लगे विद्युत मीटर में भी तोड़फोड़ की। डायल-112 की टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही टिकेश्वर उर्फ टिकु और उसके साथ मौजूद अन्य लोग मौके से भाग गए।
भोजराम कोसे ने घटना की जानकारी अपनी पत्नी बीन्दुबाई और बेटे लाभचंद के साथ थाना पहुंचकर पुलिस को दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना को पड़ोस में रहने वाले जीधन ठाकुर, पुनीत यादव और चुम्मन यादव ने देखा और सुना है।
इन धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 3(5), 324(3), 333 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

