निगम भिलाई में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

 निगम भिलाई में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

भिलाईनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय, सुपेला में गरिमामय एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर नीरज पाल ने प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

समारोह में निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, सभापति गिरवर बंटी साहू, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, महापौर परिषद सदस्य लालचन्द वर्मा, आदित्य सिंह एवं चंद्रशेखर गवई, पार्षद सुरेश कुमार वर्मा एवं चंदेश्वरी बांधे सहित अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त नरेंद्र बंजारे, अधीक्षण अभियंता वेशराम सिन्हा तथा निगम के अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

विभिन्न स्थानों पर भी हुआ ध्वजारोहण

मुख्य कार्यालय में ध्वजारोहण के पश्चात महापौर नीरज पाल ने यूनियन कार्यालय, नेहरू नगर चौक, श्रीराम वाटिका खुर्सीपार एवं शहीद उद्यान सेक्टर-05 में भी ध्वजारोहण किया। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में नागरिक एवं निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।

इसी क्रम में नगर पालिक निगम भिलाई के विभिन्न जोन कार्यालयों में सुबह 7:30 बजे जोन समिति के अध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की प्रगति, स्वच्छता और भिलाई के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान निगम में उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा तथा निगम हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता का दिया संदेश

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निगम मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति का उत्साह और उल्लास देखने को मिला। समारोह के माध्यम से नागरिकों एवं निगम कर्मचारियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और देश के प्रति सम्मान स्पष्ट रूप से नजर आया।