भिलाई में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, निगम ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

 भिलाई में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, निगम ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर निगम की पहल, अधिकारी-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का संदेश

भिलाईनगर। शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मंगलवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा रैली का शुभारंभ पावर हाउस चौक से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागी नंदिनी रोड होते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरे और पुनः पावर हाउस चौक पहुंचकर रैली का समापन किया गया।

रैली के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के जयघोष किए। रैली में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वच्छता दीदियों ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

नागरिकों से घर-घर तिरंगा फहराने की अपील

नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराएं और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गरिमा का सदैव ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है।

रैली में नगर निगम के मुख्य कार्यालय एवं विभिन्न जोन कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियां शामिल रहीं। तिरंगा रैली के माध्यम से निगम ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।